Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ के नए मुख्य सचिव बने विकास शील, 30 सितंबर को अमिताभ जैन होंगे रिटायर

रायपुर। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, मुख्य सचिव अमिताभ जैन (IAS, 1989 बैच) आगामी 30 सितंबर 2025 की अपराह्न से सेवामुक्त हो जाएंगे। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ को नया मुख्य सचिव मिलने जा रहा है। 1994 बैच के आईएएस अधिकारी विकासशील अगले मुख्य सचिव होंगे। मुख्यमंत्री की अनुशंसा से विकाश शील को दिल्ली से रायपुर लाया गया है।

 

प्रशासनिक सफर  

विकासशील का प्रशासनिक सफर काफी अनुभवपूर्ण रहा है। वे पहले मध्यप्रदेश कैडर में थे और साल 2000 में छत्तीसगढ़ के गठन के बाद यहां आ गए। उन्होंने बिलासपुर और रायपुर कलेक्टर के रूप में महत्वपूर्ण पद संभाला। 2018 से वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर थे…. और एशियाई विकास बैंक, मनीला में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।

अनुभवी और महत्वपूर्ण अधिकारी

राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि अमिताभ जैन की रिटायरमेंट के पश्चात विकास शील आगामी आदेश तक छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार संभालेंगे। विकास शील वर्तमान में राज्य प्रशासनिक सेवाओं में एक अनुभवी और महत्वपूर्ण अधिकारी माने जाते हैं।

एडीबी से रिलीव होकर रायपुर लौट रहे

अब एडीबी से रिलीव होकर रायपुर लौट रहे हैं। शांत स्वभाव और सशक्त प्रशासनिक पकड़ वाले विकासशील को शासन-प्रशासन के क्षेत्र में कुशल रणनीतिकार माना जाता है। उनके अनुभव से राज्य में प्रशासनिक दक्षता और पारदर्शिता को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

अमिताभ जैन के कार्यकाल

अमिताभ जैन ने अपने कार्यकाल में कई अहम नीतियों को अमलीजामा पहनाने में भूमिका निभाई। वहीं, नए मुख्य सचिव विकास शील से सरकार को विकास योजनाओं और प्रशासनिक कामकाज में और तेजी की उम्मीद है। यह आदेश राज्य शासन के लिए बेहद अहम है क्योंकि मुख्य सचिव पद पर बदलाव से आगामी प्रशासनिक फैसलों और नीतियों की दिशा भी तय होगी।