रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती स्थित अग्रवाल भवन में आज छत्तीसगढ़ी दाऊ अग्रवाल समाज की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई, जिसमें छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर गिरीश चंदेल के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया। यह प्रस्ताव कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में कुलपति प्रोफेसर गिरीश चंदेल की ओर से दाऊ अग्रवाल समाज की अपेक्षा करने पर पारित किया गया है।
क्या है पूरा मामला ?
इस मामले में छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज के केंद्रीय अध्यक्ष दाऊ अनुराग अग्रवाल ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले कृषि विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें दाऊ अग्रवाल समाज की अपेक्षा कृषि विश्वविद्यालय कुलपति प्रोफेसर गिरीश चंदेल द्वारा की गई।
वहीं उन्होंने आगे कहा कि दाऊ कल्याण सिंह द्वारा कृषि विश्वविद्यालय को लगभग 1800 एकड़ जमीन दी गई थी। उनके दान से ही कृषि विश्वविद्यालय को उसका दर्जा प्राप्त हुआ है, जहां छत्तीसगढ़ के किसानों के विकास के नित्य नए प्रयोग होते हैं। छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज के महान दानदाता दाऊ कल्याण सिंह अग्रवाल के वंशजों की कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर चंदेल द्वारा उपेक्षा करना उचित प्रतीत नहीं होता है।
पूरा समाज आक्रोशित
पूर्व में भी उनके द्वारा ऐसा किया गया था जिस पर समाज ने उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया था और उनके द्वारा आश्वासन दिया गया था कि भविष्य में इस तरह की गलती नहीं होगी, लेकिन इस वर्ष हुए दीक्षांत समारोह में पुनः समाज को आमंत्रित ना कर उन्होंने पूरे दाऊ अग्रवाल समाज का अपमान किया। इससे पूरा समाज आक्रोशित है।
प्रदेशव्यापी निंदा प्रस्ताव
केंद्रीय अध्यक्ष भवन राघव अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिलों की इकाइयों में कुलपति चंदेल के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया जाएगा।
सार्वजनिक माफी की मांग
छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज के अध्यक्ष अनुराग अग्रवाल ने स्पष्ट कहा है कि 7 दिनों के अंदर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर चंदेल समाज से सार्वजनिक माफी मांग ले। अन्यथा समाज द्वारा मुख्यमंत्री, राज्यपाल और कृषि मंत्री समेत सभी स्थानों पर प्रोफेसर गिरीश चंदेल के खिलाफ शिकायत किया जाएगा।
इस बैठक में छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज के केंद्रीय अध्यक्ष अनुराग अग्रवाल, रायपुर इकाई अध्यक्ष अमित अग्रवाल, केंद्रीय सचिव डॉक्टर जेपी अग्रवाल, केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अजय दानी, केंद्रीय उपाध्यक्ष श्याम अग्रवाल, रायपुर इकाई संरक्षक उमेश अग्रवाल, सी के अग्रवाल, प्रकाश अग्रवाल, रायपुर इकाई सचिव शिशिर अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नीरज अग्रवाल, रायपुर इकाई प्रभारी एवं केंद्रीय कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, महिला मंडल अध्यक्ष मिथिला अग्रवाल, अग्रशक्ति सचिव सुषमा अग्रवाल समेत कई सदस्य मौजूद रहे।











