Advertisement Carousel

दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में एनएययूआई-एबीवीपी में झड़प, प्रचार के आखिरी दिन दो गुट आपस में भिड़े

नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन मंगलवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल कॉलेज में छात्रों के दो गुटों में झड़प हो गई। प्रचार के दौरान एनएसयूआई और एबीवीपी के बीच झड़प हो गई। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव प्रचार के दौरान किरोड़ीमल कॉलेज के बाहर एबीवीपी और एनएसयूआई सदस्यों के बीच हंगामा हो गया। दिल्ली पुलिस ने बाद में हस्तक्षेप किया और भीड़ को मौके से हटाया।

एनएसयूआई ने एक बयान में आरोप लगाया कि आरएसएस की छात्र शाखा एबीवीपी के सदस्यों ने कार्यक्रम को बाधित करने के लिए उसके पूर्वांचल छात्र समर्थकों पर हमला किया। बता दें कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के लिए मतदान 18 सितंबर को होगा, जबकि मतगणना 19 सितंबर को निर्धारित है।

यह घटना उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के आने से कुछ देर पहले हुई, जो एनएसयूआई उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने डीयू कैम्पस में थे। इस दौरान अजय राय ने डीयू के छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इससे मुझे अपने कॉलेज के दिन याद आ गए। यह चुनाव छात्रों के भविष्य का है। मैं उनसे एनएसयूआई का समर्थन करने और उसे आगे बढ़ाने में मदद करने का आग्रह करता हूं। हम उनके और उनके भविष्य के साथ खड़े हैं।