Advertisement Carousel

सीएम और दोनों डिप्टी सीएम गुवाहाटी रवाना, साय ने कहा – असम में तीसरी बार बनी BJP की सरकार, हिमंता सरकार के शपथ ग्रहण में होंगे शामिल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और दोनों डिप्टी सीएम अरुण साव, विजय शर्मा असम के लिए रवाना हुए। इस दौरान सीएम साय ने कहा, असम में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है और हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। मैं और हमारे दोनों उपमुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित होने के लिए गुवाहाटी जा रहे हैं।

डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि असम सरकार की ओर से उन्हें आमंत्रण मिला है, जिसके बाद वे समारोह में शामिल होने जा रहे हैं। साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया आवाहन का समर्थन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की जनता से पेट्रोल, डीजल और उर्वरक पदार्थों को लेकर सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश की परिस्थितियों का सामना जनता के सहयोग से ही संभव होता है।

अरुण साव ने कहा कि जब-जब देश में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां आई हैं, तब-तब प्रधानमंत्री ने जनता से सहयोग मांगा है और देशवासियों ने भी साथ दिया है। कोई भी देश तभी सक्षम बनता है, जब जनता का सहयोग मिलता है। हम सभी मोदी जी के आवाहन पर अमल करेंगे।

राहुल गांधी के बयान पर अरुण साव का पलटवार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण साव ने कहा कि क्या देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने कभी जनता से सहयोग नहीं मांगा था। वैश्विक महामारी कोरोना काल में प्रधानमंत्री मोदी ने जनता से सहयोग मांगा था और पूरे देश ने मिलकर कोरोना को परास्त किया। देश को मजबूत और सक्षम बनाने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है।

सपा सांसद के बयान की निंदा की
अरुण साव ने समाजवादी पार्टी के एक सांसद द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कथित अपशब्दों के इस्तेमाल की भी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। बीजेपी की आगामी बैठक को लेकर अरुण साव ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए बैठक आयोजित की गई है। आने वाले समय में संगठन को और बेहतर स्वरूप देने तथा रणनीति तैयार करने पर चर्चा होगी।