Advertisement Carousel

बंगाल में सुवेंदु सरकार: CM साय ने कहा- TMC और ममता के कुशासन का हुआ अंत

रायपुर: पश्चिम बंगाल की जनता को आज नया मुख्यमंत्री मिल गया है। सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस शपथ समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव-विजय शर्मा और मंत्री दयालदास भी शामिल हुए। इस बीच CM साय का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि बंगाल में लोकतंत्र की जीत के साथ TMC और ममता के कुशासन का अंत हुआ है।

बंगाल के लोगों को आजादी मिली- CM साय
पश्चिम बंगाल से शपथ समारोह में शामिल होकर लौटे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में जनसैलाब उमड़ा था। भव्यता के साथ शपथ समारोह हुआ। बंगाल में लोकतंत्र की जीत के साथ टीएमसी और ममता के कुशासन का अंत हुआ है। बंगाल के लोगों को आजादी मिली है। सभी वर्गों का विकास अब तेजी से होगा।

इन्होंने ली मंत्री पद की शपथ
आज एक तरफ जहां सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, तो वहीं दूसरी तरफ बंगाल बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। दिलीप घोष के अलावा आसलसोल सीट से विधायक बनने वाली अग्निमित्रा पॉल ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। वहीं उत्तर 24 परगना से विधायक अशोक कीर्तनिया ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। रानिबांध से बीजेपी विधायक क्षुदिराम टुडू ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। इसके अलावा कूंचबिहार से सांसद रहे निसिथ प्रामाणिक ने भी मंत्री पद की शपथ ली है।

सुवेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया था
8 मई को अमित शाह कोलकाता पहुंचे थे जहां सुवेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया था. शाह ने खुद उनके नाम का ऐलान किया. इसके बाद सुवेंदु ने कोलकाता में राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात की और विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपकर नई सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है. बता दें कि बीजेपी ने पश्चिम बंगाल की 207 सीटों पर प्रचंड जीत दर्ज की थी. वहीं, टीएमसी महज 80 सीटों पर सिमटकर रह गई और उसके 15 सालों के शासन का खात्मा हो गया.