Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ में कोयला कारोबारी पर फायरिंग:एक हवा में और दूसरी कार के शीशे पर लगी बुलेट; लॉरेंस और अमन साहू गैंग पर शक

रायपुर में कोयला कारोबारी पर गोली चलाई गई है। बताया जा रहा है कि 2 बार फायरिंग की गई, जिसमें एक हवा में और दूसरी फायरिंग कार पर की गई है। दूसरी गोली कार के शीशे पर लगी। आशंका जताई जा रही है कि लॉरेंस बिश्नोई और अमन साहू गैंग ने अटैक किया है। घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है।

बताया जा रहा है कि वारदात को कारोबारी को डराने के लिए किया गया है, जिससे वह कोल लेवी की रकम दे सके। हालांकि वारदात किन लोगों ने और क्यों की है फिलहाल पता नहीं चल पाया है।वारदात शनिवार सुबह 11 बजे हुई है। कोल व्यापारी का ऑफिस तेलीबांधा क्षेत्र के उद्योग भवन के पास है।

दो बाइक सवारों ने गोली चलाई

मिली जानकारी के मुताबिक दो बाइक सवारों ने गोली चलाई है। वारदात के बाद मौके से फरार हो गए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों युवक मुंह पर मास्क लगाकर आए थे। वारदात के बाद भागते हुए CCTV कैमरे में कैद हुई हैं।

निर्माण और कंस्ट्रक्शन से जुड़ा है कारोबार

बताया जा रहा है कि जिस कारोबारी पर अटैक हुआ है, वह PR कंस्ट्रक्शन से जुड़ा है। उसका सड़क निर्माण और कंस्ट्रक्शन से जुड़ा कारोबार है। फिलहाल कारोबारी का नाम सामने नहीं आ पाया है।

2 बाइक सवार फायरिंग करते दिखे- ASP

रायपुर एडिशनल एसपी लखन पटले के मुताबिक पचपेड़ीनाका से तेलीबांधा के बीच सर्विस रोड पर कारोबारी के ऑफिस के सामने 2 बाइक सवार फायरिंग करते हुए दिखाई दिए हैं। नाकेबंदी कर जांच की जा रही है।

झारखंड के एक गैंग को पुलिस ने पकड़ा था

बता दें कि इससे पहले रायपुर पुलिस ने इसी प्रकार के झारखंड के एक गैंग को रायपुर में घटना को अंजाम देने से पहले पकड़ा था। इस वारदात में भी इसी गैंग पर शक है।