Advertisement Carousel

बिजली चोरी पर बड़ा शिकंजा, 176 कनेक्शनों की जांच में 86 पकड़े गए…अब FIR और जुर्माने की तैयारी

 बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बिजली चोरी के खिलाफ बिजली विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। CSPDCL की टीमों ने एक साथ कई इलाकों में जांच अभियान चलाकर 176 बिजली कनेक्शनों की पड़ताल की। इनमें 86 कनेक्शनों में अनधिकृत बिजली इस्तेमाल या बिजली चोरी के मामले सामने आए हैंविभाग की इस कार्रवाई के बाद बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

17 टीमों ने तीन क्षेत्रों में की जांच

CSPDCL की 17 अलग-अलग टीमों ने बलौदाबाजार, पलारी और लवन क्षेत्र में एक साथ अभियान चलाया। टीमों ने घरों और अन्य परिसरों में लगे बिजली कनेक्शनों की जांच की।जांच के दौरान कुल 176 कनेक्शन जांच के दायरे में आए। इनमें से 86 मामलों में बिजली के अनधिकृत इस्तेमाल या चोरी की पुष्टि हुई।

बिजली चोरी के मामलों में दर्ज होगा केस

विभाग के अधिकारियों के मुताबिक बिजली चोरी के मामलों में संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 से 138 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इन धाराओं के तहत मामले की गंभीरता के आधार पर आर्थिक दंड के साथ सजा का भी प्रावधान है।विभाग अब पकड़े गए मामलों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने की तैयारी में है।

बकाया बिल वालों को भी विभाग की चेतावनी

CSPDCL ने केवल बिजली चोरी करने वालों ही नहीं, बल्कि लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं को भी चेतावनी दी है। विभाग ने कहा है कि जिन उपभोक्ताओं का बिल बकाया है, वे जल्द भुगतान कर दें।समय पर भुगतान नहीं करने पर बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा सकती है।

बिजली चोरी पर आगे भी जारी रहेगा अभियान

विभाग ने साफ किया है कि बिजली चोरी को लेकर जांच अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि अनधिकृत तरीके से बिजली इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को भी अपने बिजली कनेक्शन और बिल से जुड़े नियमों का पालन करने की जरूरत है।