Advertisement Carousel

Bulandshahr Cylinder Blast: जोरदार धमाके के साथ फटा सिलेंडर, मकान ढहने से 6 लोगों की मौत, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

बुलंदशहर/लखनऊ: Bulandshahr Cylinder Blast उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद इलाके में सोमवार रात सिलेंडर फटने से एक मकान ध्वस्त हो गया और पांच लोगों की मौत हो गयी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि की। मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) ध्रुव कांत ठाकुर ने सोमवार की रात पीटीआई-भाषा को बताया कि बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद इलाके की एक कालोनी में विस्फोट से 6 लोगों के मरने और कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना आयी है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव के निर्देश दिये गए हैं।

Bulandshahr Cylinder Blast पुलिस सूत्रों के अनुसार सिकंदराबाद की आशापुरी कॉलोनी में यह हादसा हुआ है। सिकंदराबाद इलाके की आशापुरी कॉलोनी में सोमवार रात एक मकान में रखा सिलेंडर अचानक फटने से जोरदार धमाके के साथ मकान ध्वस्त हो गया और छत गिर गयी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंच गए और एंबुलेंस तथा जेसीबी को मौके पर बुला लिया। पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग के अधिकारी बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि खुदाई करने वाली मशीन की मदद से मलबे को हटाने का प्रयास किया जा रहा है।

बुलंदशहर के जिलाधिकारी (डीएम) चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि यह घटना आशापुरी कॉलोनी में रियाजुद्दीन के घर में हुई, जिसमें 18-19 लोग रहते थे। उन्होंने बताया कि सिलेंडर विस्फोट रात 8.30 से नौ बजे के बीच हुआ। आठ लोगों को निकालकर अस्पताल ले जाया गया है। डीएम ने कहा कि कुछ लोगों की हालत बहुत गंभीर है, कुछ का इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि घर के 10 से 11 लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि छत के लोहे के बीम को कटर से काटा गया है। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीन लगाई गई। बचाव अभियान के चलते पुलिसकर्मी लोगों से घटनास्थल से दूर जाने की अपील करते भी देखे गए। जिस जगह विस्फोट हुआ, वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।