Advertisement Carousel

क्या राहुल गांधी ने कहा ‘नरेंद्र मोदी फिर बनेंगे भारत के प्रधानमंत्री’? जानिए क्या है सच्चाई

Rahul Gandhi CG Visit

Fact Check सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक वीडियो खूब शेयर किया जा रहा है जिसमें वह कहते दिख रहे हैं कि जून 4, 2024 को लोकसभा चुनाव के बाद नरेंद्र मोदी भारत के प्रधानमंत्री बनेंगे। वीडियो में राहुल गांधी को यह कहते हुए भी दिखाया गया है कि ‘इंडिया अलायंस’ को उत्तर प्रदेश में एक भी सीट नहीं मिल रही है।

Fact Check वायरल वीडियो में राहुल गांधी कह रहे हैं, “नरेंद्र मोदी हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री रहेंगे। शुरुआत में मैं आपको कह देता हूं, जो बात सच है- 2024, 4 जून नरेंद्र मोदी हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री रहेंगे। आप लिख के ले लो। नरेंद्र मोदी जी हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री बन सकते हैं। हमने जो करना था, जो काम, जो मेहनत करनी थी, कर दी है। अब आप देखना उत्तर प्रदेश में हमारे गठबंधन को एक सीट नहीं मिलने वाली है। ये भी मुस्कुरा रहे हैं कि क्योंकि इनको भी पता है कि राहुल गांधी जो बोल रहा है सच है और नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बन रहा है। खत्म कहानी..”

यह वीडियो एक्स (पूर्व में ट्विटर), फेसबुक और यूट्यूब पर बड़े पैमाने पर शेयर किया जा रहा है। एक फेसबुक यूजर ने वीडियो पोस्ट करते हुए कैप्शन दिया कि राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव में अपनी हार स्वीकार कर ली है। इन पोस्ट्स को यहां, यहां, यहां, यहां और यहां देखा जा सकता है। हालांकि, यह वीडियो एडिट किया गया है और मूल वीडियो में राहुल गांधी ने यूपी के कानपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि नरेंद्र मोदी जून 4, 2024 को भारत के प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे।

हमने सच का पता कैसे लगाया?

वायरल वीडियो में किए गए दावों की सत्यता जांचने के लिए, हमने इसके लंबे वर्ज़न की खोज की, जो हमें मई 10, 2024 को इंडियन नेशनल कांग्रेस (कांग्रेस) के यूट्यूब चैनल पर अपलोड हुआ मिला। वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। वीडियो (आर्काइव यहां) में राहुल गांधी अपने भाषण की शुरुआत इंडिया गठबंधन, भारत जोड़ो यात्रा और कांग्रेस के घोषणापत्र के बारे में बात करके करते हैं। इसके बाद 57 सेकंड की समयावधि से राहुल गांधी कहते हैं, “भाईयों और बहनों, शुरुआत में मैं आपको कह देता हूं, जो बात आपको हिंदुस्तान की मीडिया कभी नहीं कहेगी। मगर जो बात सच है, 2024, 4 जून, नरेंद्र मोदी हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे। आप लिख के ले लो, नरेंद्र मोदी जी हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हैं। हमने जो करना था, जो काम, जो मेहनत करनी थी, हमने कर दी है। अब आप देखना उत्तर प्रदेश में हमारे गठबंधन को 50 से कम एक सीट नहीं मिलने वाली है। बाकी देश में, हर प्रदेश में हमने बीजेपी को रोका है।”