Advertisement Carousel

वायरल पम्पलेट का पुलिस ने किया खंडन, कोचियों के खिलाफ की गई कार्रवाइयों का दिया हवाला…

डोंगरगढ़। शहर में एक पम्पलेट वायरल हुआ था, जिसमें खुले तौर पर शराब की विभिन्न किस्मों की 24 घंटे उपलब्धता का दावा करते हुए कुछ होटलों और व्यक्तियों के नाम व स्थान का उल्लेख किया गया था. इसके साथ अवैध गतिविधियों को पुलिस से संरक्षण का दावा भी किया गया था. डोंगरगढ़ पुलिस ने पम्पलेट में दी गई जानकारी को आधारहीन और भ्रामक करार देते हुए इसे कोचियों के प्रचार का जरिया बताते हुए जांच के आदेश दिए हैं.

डोंगरगढ़ पुलिस ने बताया कि वायरल पम्पलेट में उल्लेखित शराब कोचियों के विरूद्ध डोंगरगढ़ पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी एवं कड़ी कार्रवाई की जा रही है. विगत एक माह के दौरान ही केवल डोंगरगढ़ थाना में आबकारी अधिनियम के तहत कुल 42 प्रकरण पंजीबद्ध कर 45 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. यही नहीं बीते एक महीने के दौरान राजनांदगांव जिला में आबकारी अधिनियम के अतंर्गत 125 प्रकरण पंजीबद्ध कर 147 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें कुल 305 लीटर शराब जब्त किया गया है.

डोंगरगढ़ पुलिस ने बताया कि उक्त पम्पलेट में उल्लेखित शराब कोचियों के विरूद्ध भी कार्रवाई की गई है. डोमेन्द्र साहू, मोहित यादव के विरूद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 1,08,760 रुपए की शराब एवं अन्य सामग्री जब्त की गई है. इसी तरह स्वरूप सिंह उर्फ रिम्पी के विरूद्ध भी आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई है.