Advertisement Carousel

धमतरी में एक बार फिर डबल मर्डर, देर रात घर में घुसे नकाबपोश बदमाश, सोना-चांदी लूटकर भागे…

धमतरी। शहर और ग्रामीण क्षेत्र में 6 घंटे के अंतराल में 2 बुजुर्गों की हत्या हो गई। धमतरी में लगातार बढ़ रहे अपराध से लोगों में भी दहशत देखा जा रहा है। पहली हत्या रात 8 बजे शहर के बठेना वार्ड में हुई। दूसरी हत्या शहर से लगे ग्राम भानपुरी में रात 2 बजे हुई। बठेना वार्ड में हुए वारदात का आरोपी पुलिस गिरफ्त में है। वहीं लूट के इरादे से भानपुरी में बुजुर्ग की हत्या करने वाले नकाबपोश बदमाश फरार हैं।

पहली वारदात धमतरी शहर के बठेना वार्ड में रात 8 बजे युवक लोमन ध्रुव (21 ) उर्फ गोलू ने अपनी मां पूर्णिमा बाई ध्रुव (42) और नानी लखंतीन ध्रुव (62) की लाठी से जमकर पिटाई कर दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए दोनों को अस्पताल लाया गया। इलाज के दौरान रात लगभग 11 बजे लखंतीन ध्रुव की मौत हो गई।

पूर्णिमा ध्रुव गंभीर है, जिसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। बताया गया कि आरोपी युवक लोमन अपनी मां और नानी से खर्चे के लिए पैसे मांग रहा था। नहीं देने पर आक्रोशित हो गया और ठंडे से जमकर पिटाई कर दिया। दूसरी वारदात धमतरी शहर से करीब ८ किमी दूर ग्राम भानपुरी में हुई। बुजुर्ग किरीतराम साहू (65) अपनी पत्नी रश्मि साहू के साथ रहता था।

सोमवार की रात लगभग २ बजे घर के पीछे के दरवाजे से कुछ नकाबपोश बदमाश पहुंचे और दोनों को बंधक बना लिया। पैसों की डिमांड करने लगे। किरीतराम कुछ कर पाता इसके पहले ही आरोपी धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने घर में रखे ५ हजार रूपए नगद, चांदी की पायल, लगभग ५ ग्राम सोने का झुमका लूटकर फरार हो गए।

घर के दोनों दरवाजे खुले थे

सूत्रों ने बताया कि भानपुरी में बुजुर्ग दंपत्ति गुड़ाखू के आदी थे। घटना के दिन भी रात १ बजे बुजुर्ग किरीतराम गुड़ाखू करने के बाद सोने चले गया। घर के सामने व पीछे का दरवाजा खुला था। पीछे के रास्ते से आरोपी घर में प्रवेश किए और वारदात को अंजाम दिया। मकान के नीचे में बुुजुर्ग दंपत्ति रहते थे। वहीं ऊपर में एक महिला व उसकी बेटी किराए पर रहते हैं। घटना के दिन सुबह ही बेटी प्रियंका साहू अपने पति सत्येन्द्र साहू के साथ बालोद निकली थी।