जयपुर। अंता विधानसभा उपचुनाव को लेकर बीजेपी पूरी तरह तैयार है। स्टार प्रचारकों के बाद अब बीजेपी ने अंता उपचुनाव को लेकर चुनाव समिति की घोषणा कर दी है। बीजेपी ने राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के बेटे और झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंत सिंह को चुनाव प्रभारी बनाया है। चुनाव समिति में बीजेपी ने 2 सांसद, 9 विधायक और 2 मंत्रियों को शामिल किया है।
इसके साथ ही पार्टी ने मंत्री जोगाराम पटेल को चुनाव प्रभारी मंत्री और विधायक श्रीचंद कृपलानी व जिला प्रभारी छगन माहुर को चुनाव सह प्रभारी बनाया है। वहीं, चुनाव प्रबंधन का जिम्मा नरेश सिकरवार और महेंद्र कुमावत को सौंपा गया है।
दुष्यंत सिंह को क्यों मिली बड़ी जिम्मेदारी?
अंता विधानसभा क्षेत्र झालावाड़-बारां लोकसभा सीट के अंतर्गत आता है, यहां से दुष्यंत सिंह सांसद है। ऐसे में बीजेपी ने स्थानीय समीकरणों को साधते हुए झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंत सिंह को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। बीजेपी के साथ-साथ यह सीट वसुंधरा राजे के लिए भी प्रतिष्ठा का प्रश्न है। अंता सीट वसुंधरा राजे के राजनीतिक प्रभाव वाले क्षेत्र में आती है। यही वजह है कि इस सीट पर वसुंधरा राजे की प्रतिष्ठा भी दांव पर है।
इन नेताओं को मिली चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी
चुनाव में प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, मंत्री मंजू बाघमार, विधायक राधेश्याम बैरवा, विधायक सुरेश धाकड़, विधायक विश्वनाथ मेघवाल, विधायक अनिता भदेल, विधायक प्रताप सिंघवी, विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या, विधायक ललित मीणा, पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल और वरिष्ठ कार्यकर्ता तुलसरीराम धाकड़ को दी गई है।









