नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उपहार में मिले स्मृति चिह्नों की ई-नीलामी बुधवार से शुरू हो गई। ई-नीलामी के 7वें संस्करण में प्रधानमंत्री को मिले 1300 से अधिक उपहारों को लोग खरीद सकेंगे। इन वस्तुओं में पेंटिंग, कलाकृतियां, मूर्तियां, देवी-देवताओं की मूर्तियां और कुछ एथलीट की ओर से दी गई खेल सामग्री शामिल हैं।
‘पीएम ममेंटोज’ की वेबसाइट के अनुसार, देवी भवानी की मूर्ति का आधार मूल्य 1039500 रुपए है, जबकि राम मंदिर के मॉडल का आधार मूल्य 5.50 लाख रुपए है। संस्कृति मंत्रालय के अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि ये दोनों वस्तुएं पैरालंपिक पदक विजेताओं के तीन जोड़ी जूते के आधार मूल्य के साथ शीर्ष पांच की श्रेणी में हैं। प्रत्येक जोड़ी जूते का आधार मूल्य 7.70 लाख रुपए है।
आप भी खरीद सकते हैं ये तोहफे
यह नीलामी दो अक्टूबर तक चलेगी। लोग pmmementos.gov.in वेबसाइट में जाकर इन उपहारों के लिए बोली लगा सकते हैं। ई-नीलामी से प्राप्त पूरी आय नमामि गंगे परियोजना में दी जाएगी, जो गंगा नदी की सुरक्षा के लिए भारत सरकार की प्रमुख पहल है।
जनवरी 2019 में हुई थी पहली ई-नीलामी… पहली ई-नीलामी जनवरी 2019 में हुई थी। तब से, प्रधानमंत्री को मिले हजारों उपहारों की नीलामी की जा चुकी है। इससे नमामि गंगे परियोजना के लिए 50 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाई गई है।








