Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ में द्रोणिका के असर से आ रही नमी, इससे बिलासपुर से रायपुर तक गमीं बढ़ी, तापमान अभी स्थिर रहेगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस साल लगातार मौसम बदल रहा है। अप्रैल में तेज गर्मी के बीच बारिश होने तापमान गिरा और लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन अब फिर गर्मी बढ़ने लगी है। दरअसल, प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्से में दिन के तापमान में वृद्धि से गर्मी बढ़ने लगी है। आने वाले दिनों में तापमान लगातार बढ़ेगा। हालांकि बस्तर में फिलहाल तापमान नहीं बढ़ेगा। इससे गर्मी स्थिर रहेगी। वहीं पिछले 24 घंटे में बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में तेज हवा चली और हल्की बारिश भी हुई। इस कारण गर्मी से थोड़ी राहत है। इसके साथ ही रायपुर समेत कई शहरों में भी मंगलवार की रात बारिश से गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार तेलंगाना से दक्षिण तमिलनाडु तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके असर से कुछ-कुछ नमी आ रही है। नमी का असर बस्तर में अधिक है। इस वजह से वहां तेज हवा और हल्की बारिश की स्थितियां बन रही हैं। वहीं मंगलवार को राजधानी में भी नमी का प्रभाव दिखा। दोपहर बाद आसमान में हल्के बादल नजर आए। बारिश भी हुई। इससे पहले दोपहर में तेज गर्मी महसूस की गई। अधिकमत तापमान 39.4 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह नार्मल से दो कम है। माना, बिलासपुर, राजनांदगांव, दुर्ग और पेंड्रारोड में भी पारा 40 से 41 डिग्री के बीच रहा।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक-दो दिन उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ में तापमान बढ़ेगा, लेकिन बस्तर में तापमान स्थिर रहेगा। अगले कुछ दिनों तक बिलासपुर, सरगुजा से लेकर रायपुर और दुर्ग संभाग में गर्मी में वृद्धि होगी। बस्तर संभाग के जिलों में गर्मी स्थिर रहेगी। हालांकि कई शहरों में बारिश की संभावना भी जताई जा रही है। वहीं, प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान सक्ति में 44.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान भी सभी जगहों पर 25 से 27 डिग्री के बीच रिकार्ड किया गया।