नई दिल्ली। लद्दाख के लेह शहर में बुधवार को जेन- जी ने मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इस दौरान जेन-जी और पुलिस के बीच झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों ने CRPF की गाड़ी को भी आग लगा दी। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में छात्रों ने प्रदर्शन किया। सोनम वांगचुक बीते कई महीनों से लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग कर रहे हैं। हालांकि इस पर केंद्र सरकार की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया है।
बीजेपी कार्यालय में लगाई आग
गुस्साएं प्रदर्शनकारियों ने लेह स्थित बीजेपी ऑफिस पर हमला किया और आग लगा दी और पुलिस पर पथराव किया। इस दौरान सीआरपीएफ के एक वाहन को भी जला दिया। जवाब में पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया।
6 अक्टूबर को बुलाई बैठक
बता दें कि लद्दाख में पूर्ण राज्य के मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में हिंसा की यह पहली घटना है। यह हिंसा सरकार के साथ आगामी वार्ता की पृष्ठभूमि में हुई। केंद्र ने लद्दाख के लोगों की मांगों पर बातचीत फिर से शुरू करने के लिए 6 अक्टूबर को लद्दाख के प्रतिनिधियों के साथ बैठक बुलाई है।
सोनम वांगुचक कर रहे भूख हड़ताल
पिछले दो सप्ताह से सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक लद्दाख को राज्य का दर्जा देने तथा इस क्षेत्र को संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर भूख हड़ताल कर रहे हैं। पिछले तीन सालों में लद्दाख में केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रोश बढ़ा है। दरअसल, वहां के लोग बार-बार अपनी भूमि, संस्कृति और संसाधनों की रक्षा के लिए राज्य का दर्जा और संवैधानिक सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं।















