तखतपुर। लोगों की समस्याओं का समाधान करने साय सरकार सुशासन तिहार मना रही। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत हरदी में आयोजित जिला स्तरीय सुशासन तिहार शिविर में ग्रामीणों ने क्षेत्र में शासकीय देशी एवं अंग्रेजी शराब दुकान खोलने की मांग उठाई। ग्राम पंचायत सोनबंधा के सरपंच प्रतिनिधि विवेकानंद दिवाकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में आवेदन सौंपकर शासन से जल्द पहल करने की गुहार लगाई।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से शराब की अवैध बिक्री खुलेआम हो रही है। खासकर कच्ची महुआ शराब का निर्माण और बिक्री धड़ल्ले से जारी है, जिसमें शराब तस्करों द्वारा केमिकल का उपयोग किए जाने की आशंका जताई गई है। ग्रामीणों के अनुसार ऐसी अवैध शराब के सेवन से लोगों की सेहत पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं।
शराब खरीदने के लिए जाना पड़ता है 15 किलोमीटर दूर
सरपंच प्रतिनिधि विवेकानंद दिवाकर ने बताया कि क्षेत्र के लोगों को शराब खरीदने के लिए 10 से 15 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है, जिससे परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि यदि क्षेत्र में शासकीय शराब दुकान खोली जाती है तो लोगों को शासन द्वारा तय मानकों के अनुरूप शराब उपलब्ध हो सकेगी और अवैध कारोबार पर भी रोक लगाई जा सकेगी।
ग्रामीणों ने सुशासन तिहार शिविर के माध्यम से प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र की परिस्थितियों को देखते हुए हरदी में जल्द शासकीय देशी एवं अंग्रेजी शराब दुकान खोलने की स्वीकृति प्रदान की जाए।










