Advertisement Carousel

जहरीले सांप को मारकर सो गए पति-पत्नी, सुबह दोनों की मौत…

भैयाथान। सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड अंतर्गत ग्राम बसकर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सर्पदंश से पति-पत्नी की मौत हो गई। लेकिन जो जानकारी निकलकर सामने आई है उसके अनुसार पति-पत्नी ने गुरुवार की रात घर में सांप को देखकर उसे मार डाला था। उसे घर के ही कोने में रख दिया था। फिर दोनों सो गए थे, लेकिन सुबह उनकी मौत हो गई।

ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि सोने के दौरान उन्हें किसी दूसरे सांप ने डस लिया और उनकी मौत हो गई। भैयाथान थाना क्षेत्र के ग्राम बसकर निवासी तुलेश्वर गोंड़ 40 वर्ष अपनी पत्नी नीता 38 वर्ष के साथ गुरुवार की शाम खेत में घुसे आवारा मवेशियों को भगाने गए थे। रात में दोनों घर लौटे तो घर में जहरीला सांप देखा। सांप को देखते ही दोनों ने उसे डंडे से मार डाला और एक कोने में रख दिया। इसके बाद खाना खाकर दोनों जमीन पर ही सो गए। उनके 4 बच्चे अलग कमरे में सो रहे थे।

शुक्रवार की सुबह माता-पिता को बेसुध हालत में देख बच्चों ने पड़ोस की महिला को बुलाया। वह मौके पर पहुंची और तुलेश्वर तथा नीता को उठाया। इस दौरान तुलेश्वर ने महिला से बेसुध हालत में ही बात की।