मुंबई। अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयनसमिति ने गुरुवार को यहां वेस्टइंडीज के साथ होने वाली आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान शुभमन गिल के हाथ में है जबकि रवींद्र जडेजा उपकप्तान होंगे। पहला टेस्ट मैच दो अक्टूबर से अहमदाबाद और दूसरा 10 अक्टूबर से नई दिल्ली में खेला जाएगा। चयनसमिति ने इंग्लैंड में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाले बल्लेबाज करुण नायर को बाहर कर दिया है। इस सीरीज में नायर चार मैचों में एक अर्धशतक के साथ 205 रन ही बना सके थे। माना जा रहा है कि 33 वर्षीय नायर के कॅरियर पर अब विराम लग गया है।
मुंबई ञ्च पत्रिका. मध्यक्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने टेस्ट क्रिकेट से ब्रेक ले लिया है। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने इस बारे में बताया और कहा कि इसी कारण उनके नाम पर विचार नहीं किया गया। उन्होंने कहा, अय्यर ने बोर्ड को जानकारी दी है कि वो छह महीने के लिए टेस्ट क्रिकेट से ब्रेक लेना चाहते हैं। उन्होंने हाल ही में इंग्लैंड में बैक इंजुरी की सर्जरी कराई है। इस कारण वे अभी लंबे प्रारूप में खेलने के लिए फिट नहीं हैं।
इंडिया-ए टीम का कप्तान बनाया गया
चयनकर्ताओं ने हालांकि श्रेयस अय्यर को अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ खेले जाने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए कप्तान बनाया गया है। कंगारू टीम के खिलाफ ये तीनों मुकाबले कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में क्रमश : 30 सितंबर, तीन और पांच अक्टूबर को खेले जाएंगे। गौरतलब है कि अय्यर अभी सिर्फ भारतीय टीम में वनडे टीम का ही हिस्सा हैं।
शानदार फॉर्म का मिला इनाम
चयनकर्ताओं ने देवदत्त पेडिकल को घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का इनाम दिया है। पेडिकल ने भारत के लिए दो टेस्ट खेले हैं और 90 रन बनाए हैं। उन्होंने आखिरी टेस्ट 22 नवंबर 2024 को पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था और दो पारियों में 25 रन ही बना सके थे। लेकिन हाल ही में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ खेले गए मैच में 150 रन की पारी खेली है।
विंडीज टीम अहमदाबाद पहुंची
अहमदाबाद. कप्तान रोस्टन चेस की कप्तानी में वेस्टइंडीज की टीम दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने के लिए गुरुवार को अहमदाबाद पहुंच गई। एयरपोर्ट पर आगमन के बाद पूरी टीम शहर के सिंधु भवन रोड स्थित पांच सितारा होटल में पहुंची, जहां पर इन खिलाड़ियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। विंडीज टीम जल्द अभ्यास करना शुरू करेगी।
टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, लोकेश राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पेडिकल, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नीतिश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्द कृष्णा, कुलदीप यादव, एन जगदीशन।









