दुबई। भारत और श्रीलंका के बीच एशिया कप के सुपर-4 मुकाबले का परिणाम सुपर ओवर में निकला, जिसमें भारतीय टीम ने जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने पांच विकेट पर 202 रन का स्कोर बनाया। जवाब में श्रीलंकाई टीम ने भी निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 202 रन बनाए।
सुपर ओवर का रोमांच
सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने पांच गेंद में दो रन बनाकर दोनों विकेट गंवा दिए। इस ओवर में अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी की। इसके बाद भारतीय टीम ने पहली गेंद पर तीन रन बनाकर जीत हासिल कर ली।
अभिषेक का लगातार तीसरा अर्धशतक
इससे पहले, भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा ने लगातार तीसरा अर्धशतक लगाया। उन्होंने 31 गेंदों में आठ चौकों और दो छक्कों के साथ 61 रन ठोके। तिलक वर्मा ने नाबाद 49 रन की पारी खेली।
निसांका के शतक पर फिर गया पानी
203 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की ओर से ओपनर पाथुम निसांका ने 58 गेंदों में सात चौकों और छह छक्कों के साथ 107 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने टी-20 कॅरियर का पहला शतक लगाया लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। श्रीलंकाई टीम ने सुपर-4 में अपने सभी तीनों मैच हारे।








