Advertisement Carousel

18 साल से पाक से फाइनल नहीं जीत पाया है भारत, भारत और पाकिस्तान के बीच होगा फाइनल…

दुबई। एशिया कप टी-20 टूर्नामेंट अब अपने अंतिम दौर में पहुंच गया है, जहां रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल में खिताबी भिड़ंत होगी। हालांकि इस एशिया कप में अभी तक भारत का पलड़ा भारी रहा है, जिसने पाकिस्तान को दो बार शिकस्त दी। लेकिन अब बात फाइनल की है, जहां भारतीय टीम की राह बिल्कुल भी आसान नहीं होगी।

यदि रेकॉर्ड पर नजर डालें तो फाइनल में पाकिस्तान का दबदबा रहा है और भारतीय टीम 18 साल से अपने पड़ोसी देश के खिलाफ कोई फाइनल नहीं जीत सकी है। भारतीय टीम ने आखिरी बार पाकिस्तान को 2007 टी-20 विश्व कप के फाइनल में शिकस्त दी थी। यदि एशिया कप की बात करें तो इस टूर्नामेंट के इतिहास में भारत और पाकिस्तान के बीच पहली बार फाइनल खेला जाएगा।

आठ साल बाद होगी खिताबी भिड़ंत

भारत और पाकिस्तान के बीच आठ साल बाद खिताबी भिड़ंत होने जा रही है। आखिरी बार दोनों टीमों के बीच 2017 आइसीसी वनडे चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला गया था, तब पाकिस्तान ने भारत को शिकस्त देकर खिताब जीता था। खास बात यह है कि इस चैंपियंस ट्रॉफी के लीग मैच में भारत ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी थी, लेकिन फाइनल में बाजी पाकिस्तान ने मार ली थी। ऐसे में टीम इंडिया को सतर्क रहना होगा।

टी-20 में दूसरी भिड़ंत: टी-20 प्रारूप में भारत-पाक के बीच ये दूसरा फाइनल होगा। इससे पहले, दोनों टीमें 2007 टी-20 विश्व कप के फाइनल में भिड़ी थीं।

जुर्माना लगा: कप्तान सूर्यकुमार बोले- मैंने कुछ गलत नहीं कहा

दुबई . भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव पर मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। लेकिन सूर्या ने खुद को निर्दोष बताते हुए आइसीसी के सामने कहा कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है, जिसपर उन्हें माफी मांगनी पड़े। दरअसल, पाकिस्तान को पहले मैच में हराने के बाद सूर्यकुमार ने कहा था कि वे इस जीत को पहलगाम में मारे गए पीड़ितों को समर्पित करते हैं।

पीसीबी की शिकायत पर शुक्रवार को सूर्यकुमार आइसीसी के समक्ष पेश हुए। वहीं बीसीसीआइ की शिकायत पर पाकिस्तान के हारिस रऊफ पर भी 30 फीसदी मैच फीस का जुर्माना लगाया है, जबकि साहिबजादा फरहान को फटकार लगाई है।