Advertisement Carousel

भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती पहली बार टी-20 क्रिकेट में नंबर-1, न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज को पीछे छोड़ा…

दुबई। भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती आईसीसी टी-20 रैंकिंग में नंबर-1 गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने एशिया कप टी-20 में यूएई के खिलाफ चार रन देकर एक विकेट और फिर पाकिस्तान के खिलाफ 24 रन देकर एक विकेट हासिल किया था। वरुण तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और लेग स्पिनर रवि बिश्नोई के बाद नंबर-1 रैंकिंग हासिल करने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बने हैं।

34 साल के चक्रवर्ती ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी को पीछे छोड़ा, जो मार्च से नंबर-1 पोजिशन पर थे। भारतीय स्पिनर अक्षर पटेल एक पायदान ऊपर 12वें स्थान आ गए हैं।

अभिषेक शीर्ष पर कायम

भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा टी-20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर कायम हैं। इंग्लैंड के ओपनर फिल साल्ट और जोस बटलर दोनों एक-एक स्थान चढ़कर क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। बटलर पहली बार शीर्ष-3 में पहुंचे हैं।