Advertisement Carousel

बस मैच नहीं, ये इमोशन है… 10 साल बाद रायपुर में आज होगा IPL मैच, RO-KO के लिए फैंस में जबरदस्त उत्साह

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज आईपीएल का रोमांच अपने चरम पर नजर आएगा. 10 साल बाद रायपुर में हो रहे आईपीएल मैच का उत्साह क्रिकेट फैंस में साफ नजर आ रहा है. शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबला खेला जाएगा. मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, लेकिन लेकिन सुबह 10 बजे से ही बड़ी संख्या में फैंस स्टेडियम के बाहर पहुंच रहे हैं.

रो-को के फैंस पहुंचे…

रायपुर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के बाहर मुंबई इंडियंस और आरसीबी के फैंस की झलक देखने को मिल रही है. क्रिकेटर विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर विशेष तौर पर उनके कट्टर फैंस पहुंचे हुए हैं. आज शाम वह अपने फेवरेट क्रिकेटर्स को देखने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं. कोई रोहित तो कोई विराट के नाम की टी शर्ट पहनकर पहुंचा है. फैंस को मैदान में अपने फेवरेट बल्लेबाज और गेंदबाज से शानदार प्रदर्शन की उम्मीदें हैं.

पुलिस और प्रशासन की ओर से मैच को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. स्टेडियम में प्रवेश के लिए क्यूआर कोड आधारित एंट्री व्यवस्था लागू की गई है, ताकि दर्शकों को आसानी से और सुरक्षित तरीके से प्रवेश मिल सके. सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है.