Advertisement Carousel

बस्तर के शहीद परिवारों और नक्सल प्रभावित इलाकों में भी जलेंगे दीप, सेवा संकल्प अभियान को दिया जाएगा खास स्वरूप

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प अभियान को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। खास तौर पर बस्तर संभाग में इस अभियान को अलग स्वरूप देने की तैयारी है। अब शहीद परिवारों के घरों और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी दीप जलाकर कार्यक्रम का हिस्सा बनाया जाएगा।इसी सिलसिले में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने महानदी भवन से प्रदेश के सभी जिलों के जिला पंचायत अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की। बैठक में अभियान की तैयारियों और इसे व्यापक स्तर पर संचालित करने को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली गई।

शहीद परिवारों तक पहुंचेगा आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम

बैठक के दौरान आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों को अभियान के तहत होने वाली गतिविधियों की तैयारी और आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बस्तर के शहीद परिवारों और नक्सल प्रभावित इलाकों को कार्यक्रम से जोड़ने की योजना को अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। इसके जरिए इन क्षेत्रों में भी दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

17 सितंबर को प्रदेशभर में होगा दीप प्रज्ज्वलन

सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को प्रदेशभर में लोग अपने-अपने स्थानों पर दीप जलाएंगे। आयोजन के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का कार्यक्रम रखा गया है।सरकार की ओर से अभियान को प्रदेश के अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। इसी उद्देश्य से जिला पंचायत स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की व्यवस्थाओं और व्यापक संचालन की समीक्षा की गई।