बालोद : कृषि विभाग ने अवैध रूप से कृषि आदान सामग्री के भंडारण और पैकेजिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम बीजाभाठा स्थित मेसर्स मारूति एग्रो बायोटेक के गोदाम का अचानक निरीक्षण किया गया, जहां नियमों के विरुद्ध कृषि सामग्री की पैकिंग और भंडारण का काम होता पाया गया।निरीक्षण दल ने मौके से बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त कर गोदाम को सील कर दिया है।
कलेक्टर के निर्देश पर पहुंची टीम, जांच में हुआ खुलासा
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश और कृषि विभाग के उप संचालक आशीष चन्द्राकर के मार्गदर्शन में जिला और ब्लॉक स्तरीय निरीक्षण दल ने 21 जुलाई को गोदाम में कार्रवाई की।जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि मेसर्स मारूति एग्रो बायोटेक के गोदाम में बिना अनुमति कृषि आदान सामग्री की पैकेजिंग की जा रही थी। इसके बाद टीम ने मौके पर मौजूद सामग्री और उपकरणों की जांच शुरू की।
गोदाम से हजारों पैकेट और बड़ी मात्रा में कच्चा माल मिला
निरीक्षण के दौरान गोदाम से बड़ी मात्रा में कृषि सामग्री बरामद की गई। इसमें 10 किलोग्राम पैकिंग वाली बाल्टी, 1305 भू लक्ष्मी, महासार जैव उत्प्रेरक की 500 मिलीलीटर पैकिंग वाली 2880 नग सामग्री, वीएजीएमआई प्रोम की 8 किलोग्राम पैकिंग वाली 5129 बोरियां और 8 किलोग्राम पैकिंग वाली 153 बोरियां शामिल हैं।इसके अलावा 50 किलोग्राम पैकिंग वाला 1880 बोरी कच्चा कृषि सामग्री भी मौके पर मिला। अधिकारियों ने पैकिंग कार्य में इस्तेमाल होने वाली 7 पैकिंग मशीन, 11 तोलक और 3 बोरी सिलाई मशीन भी जब्त की हैं।
गुणवत्ता जांच के लिए भेजे गए नमूने
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जब्त सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान गोदाम परिसर में मारूति एग्रो बायोटेक के प्रतिनिधि नीतीश चन्द्राकर और अगेश्वर चन्द्राकर मौजूद थे।
किसानों से विभाग की अपील, खरीदारी में बरतें सावधानी
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे खाद, बीज और कीटनाशक केवल अधिकृत और लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खरीदें। खरीदारी के समय बिल जरूर लें और किसी भी गैर लाइसेंसधारी व्यक्ति या घूम घूमकर सामग्री बेचने वालों के संपर्क में आने से बचें।










