बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सुशासन तिहार के दौरान मिली शिकायतों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। आबकारी विभाग ने सीपत क्षेत्र के ग्राम मटियारी और आसपास के इलाकों में अवैध शराब के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए भारी मात्रा में महुआ शराब जब्त की है। इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
शिकायत के बाद गांव में हुई बड़ी दबिश
सहायक आयुक्त आबकारी नवनीत कुमार तिवारी के अनुसार सुशासन तिहार के दौरान ग्राम मटियारी में अवैध शराब की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आबकारी विभाग की टीम ने गांव में दबिश दी और अलग-अलग स्थानों से शराब बरामद की।
तीन आरोपियों से 57 लीटर महुआ शराब बरामद
छापेमारी के दौरान रूकमणी (पति उज्जैन सिंह) के कब्जे से 20 लीटर, श्यामता बाई (पति बीरबल) के घर से 15 लीटर और शैलबाई (पति सुरेंद्र) के पास से 22 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। कुल मिलाकर 57 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई। इन तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
अन्य घरों से भी मिली शराब, अलग कार्रवाई
इसी अभियान में निर्मला बाई (पति रामनाथ) और पूनम मालिया (पति सन्नू मालिया) के घरों से भी महुआ शराब बरामद की गई। इनके खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत केस दर्ज किया गया है।
लावारिस महुआ लहान और 180 लीटर शराब भी जब्त
कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम को ग्राम मटियारी के शासकीय तालाब के पास छिपाकर रखी गई 180 लीटर महुआ शराब और 1530 किलोग्राम महुआ लहान भी मिला, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। यह कार्रवाई अवैध शराब निर्माण नेटवर्क पर बड़ा प्रहार मानी जा रही है।
सकरी क्षेत्र में भी कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार
आबकारी विभाग की एक अन्य टीम ने सकरी क्षेत्र के ग्राम अमेरी में दबिश देकर सूरज बघेल के कब्जे से 9.36 लीटर देशी और विदेशी शराब बरामद की। आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
सुशासन तिहार बना सख्त कार्रवाई का आधार
प्रशासन का कहना है कि सुशासन तिहार के दौरान मिली शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना और ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को मजबूत करना है।












