Advertisement Carousel

PDS राशन गड़बड़ी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 31 लाख से ज्यादा के खाद्यान्न की कमी के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार

 रायगढ़ : धरमजयगढ़ क्षेत्र में शासकीय उचित मूल्य दुकानों में सामने आई खाद्यान्न की बड़ी कमी के मामले में पुलिस ने एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र में दर्ज दो अलग-अलग मामलों में कुल 31 लाख 75 हजार रुपये से अधिक मूल्य के चावल, शक्कर और नमक की कमी सामने आई थी। गनपतपुर की उचित मूल्य दुकान से जुड़े मामले में फरार चल रहे आरोपी शहनवाज उर्फ मौसम खान को पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा है।

ससकोबा की दुकान में 12.89 लाख के राशन की कमी

खाद्य विभाग ने 3 सितंबर 2026 को ग्राम ससकोबा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 की जांच की थी। इस दौरान 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम मिला। विभाग ने उपलब्ध स्टॉक के आधार पर इसकी कीमत करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपये आंकी।जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अगस्त में कुछ हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाने के बावजूद उन्हें राशन नहीं दिया गया। रिपोर्ट के आधार पर सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और दुकान के विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ रैरूमाखुर्द चौकी में अपराध दर्ज किया गया।पुलिस ने 12 सितंबर को उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में विक्रेता बिहारी राठिया अभी फरार बताया जा रहा है।

गनपतपुर में 18.86 लाख रुपये के खाद्यान्न का हिसाब नहीं मिला

दूसरी कार्रवाई ग्राम गनपतपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 में हुई। यहां जांच के दौरान 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक की कमी सामने आई। खाद्य विभाग के मुताबिक कम मिले खाद्यान्न की कुल कीमत करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपये है।जांच में दुकान के संचालन की जिम्मेदारी जननी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शहनवाज उर्फ मौसम खान के पास होना पाया गया। शहनवाज खान, याकुब खान का 49 वर्षीय पुत्र है और धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के पीपरमार गांव का निवासी बताया गया है।खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट और पंचनामा के आधार पर तीनों के खिलाफ रैरूमाखुर्द चौकी में अपराध क्रमांक 289/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत कार्रवाई शुरू की।

अस्पताल में भर्ती होने के बाद पुलिस से बच रहा था आरोपी

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस को जानकारी मिली थी कि शहनवाज खान धरमजयगढ़ के सिविल अस्पताल में भर्ती होकर उपचार करा रहा है। रैरूमाखुर्द चौकी प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।इसी बीच पुलिस को आरोपी के अपने गांव में दिखाई देने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने तत्काल दबिश दी और शहनवाज उर्फ मौसम खान को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।

दोनों मामलों में तीन आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर

पुलिस के मुताबिक ससकोबा उचित मूल्य दुकान का विक्रेता बिहारी राठिया अभी फरार है। वहीं गनपतपुर मामले में दुकान की अध्यक्ष रूबीना खान और सचिव शाहिन खान की भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस तीनों फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।