Advertisement Carousel

CG News : आकाशीय बिजली गिरने से अधेड़ की मौत, भेड़-बकरी चराने गया था मृतक

कवर्धा। जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने एक परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। बेमौसम बारिश और तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नेन सिंह धुर्वे के रूप में हुई है, जो मध्यप्रदेश के हर्राटोल, थाना मोतीनाला क्षेत्र का रहने वाला था।

घटना कबीरधाम जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र के मिरमिटी गांव की है, जहां नेन सिंह धुर्वे गुजरात से आए भेड़ व्यापारियों के साथ मजदूरी का काम करता था। वह रोज की तरह अपने साथियों के साथ भेड़-बकरियां चराने गया था। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी

बारिश से बचने के लिए नेन सिंह पास ही एक पेड़ के नीचे जाकर खड़ा हो गया। इसी बीच तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर गिरी, जिसकी चपेट में आने से नेन सिंह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना इतनी भयावह थी कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास मौजूद अन्य साथियों में अफरा-तफरी मच गई। बारिश थमने के बाद साथियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।