नई दिल्ली। टैरिफ पर तनाव और द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) पर चर्चाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप से कुआलालंपुर में संभावित मुलाकात नहीं होगी। मोदी मलेशिया की राजधानी में 26 अक्टूबर से शुरू हो रहे तीन दिवसीय आसियान शिखर सम्मेलन में व्यक्तिश: जाने के बजाय वर्चुअली शामिल होकर संबोधन देंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि पहले से तय कार्यक्रमों में व्यस्तता के कारण मोदी कुआलालंपुर नहीं जाएंगे। माना जा रहा है कि बिहार चुनाव प्रचार में व्यस्तता के चलते मोदी का दौरा टला है।
कूटनीतिक सूत्र यह भी कहते हैं कि भारत पर अमरीकी पेनल्टी टैरिफ हटने और बीटीए वार्ता के मुकाम पर पहुंचने तक मोदी ट्रंप से व्यक्तिश: मुलाकात नहीं करना चाहते। सूत्रों के अनुसार मोदी और ट्रंप की मुलाकात अगले माह दक्षिण अफ्रीका में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में भी नहीं हो सकेगी, क्योंकि उसमें मोदी तो शामिल होंगे लेकिन ट्रंप नहीं जाएंगे।
एस. जयशंकर जाएंगे
विदेश मंत्रालय के अनुसार विदेश मंत्री एस. जयशंकर कुआलालंपुर जाएंगे लेकिन वह आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान होने वाले पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। यह आसियान देशों के साथ 8 और देश जोड़कर बनाई बड़ी बैठक है।









