मुंगेली l जिले के जरहागांव नगर पंचायत क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। लंबे समय से क्षेत्र में कथित रूप से चल रहे अवैध शराब कारोबार के खिलाफ नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने खुलकर मोर्चा खोल दिया है। नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों ने थाना प्रभारी जरहागांव को ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि नगर पंचायत क्षेत्र और आसपास के गांवों में कई महीनों से खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है। शिकायतों के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि इस अवैध कारोबार के चलते क्षेत्र का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है और महिलाएं, युवा तथा आम नागरिक परेशान हैं।
“रोक नहीं लगा सकते तो सबको बेचने दें शराब”
ज्ञापन में जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को कड़ी चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस और प्रशासन अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने में असमर्थ हैं, तो फिर क्षेत्र के सभी लोगों को भी खुलेआम शराब बेचने की अनुमति दे दी जाए। इस बयान के बाद इलाके में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है।
जनप्रतिनिधियों ने साफ कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और पुलिस विभाग की होगी।
पुलिस ने कार्रवाई का दिया भरोसा
मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन भी सक्रिय नजर आया। थाना स्तर पर अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अवैध शराब कारोबारी को राजनीतिक या सामाजिक संरक्षण न दिया जाए।
इधर, पूरे घटनाक्रम के बाद जरहागांव क्षेत्र में अवैध शराब का मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में यह मामला और बड़ा रूप ले सकता है। अब लोगों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।











