Advertisement Carousel

बड़े बकायादारों पर नगर निगम की सख्ती : आयुक्त ने जोन कमिश्नरों को दिया रोज एक करोड़ वसूली का टारगेट

रायपुर। नगर निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा ने आज साप्ताहिक टीएल समय सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विषयों पर समीक्षा कर संबंधित निगम अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों को नगर निगम रायपुर के बड़े बकायादारों को नोटिस जारी कर उनसे सम्पूर्ण बकाया राजस्व वसूलने नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने सभी 10 जोनों को मिलाकर प्रतिदिन एक करोड़ रुपए का राजस्व वसूलने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

आयुक्त ने 30 जून 2026 तक सम्पतिकर की वर्ष 2026-27 के लिए अदायगी किये जाने पर सम्पति करदाताओं को 6.25 प्रतिशत की सम्पतिकर में छूट का लाभ प्रदान कर अधिकाधिक राजस्व वसूलने के निर्देश भी दिए। आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों सहित सभी जोनों के सम्पूर्ण राजस्व अमले को हाल की राजस्व वसूली पर निगम हित में लगातार फोकस करने की बात कही। बैठक में नगर निगम अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के शर्मा, विनोद पाण्डेय, कृष्णा खटीक, मुख्य अभियंता संजय बागड़े, जोन कमिश्नरों, उपायुक्तों, कार्यपालन अभियंताओं, सहायक अभियंताओं की उपस्थिति रही।

बारिश से पहले रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के निर्देश
आयुक्त संबित मिश्रा ने सभी जोन कमिश्नरों को मानसून की पहली बारिश होने के पूर्व अधिक से अधिक स्थानों में वर्षा जल संचयन के लिए रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाना सुनिश्चित करने निर्देशित किया है। आयुक्त ने कहा, बारिश में जल भराव के स्थलों को चिन्हित कर वहां वर्षा जल संचयन के लिए रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाना प्राथमिकता से सुनिश्चित करें। सभी जोन कमिश्नर शहर क्षेत्र में भूजल स्तर में सुधार लाने के लिए काम करें। आयुक्त ने रायपुर नगर निगम क्षेत्र में अवैध निर्माण के सभी प्रकरणों पर नियमानुसार प्रक्रिया के अंतर्गत कड़ी कार्रवाई करने भी निर्देशित किया।