Advertisement Carousel

रील बनाते समय नवविवाहिता की गई जान, कमरे में फंदे से लटका मिला शव, मोबाइल में रिकॉर्ड हुआ पूरा घटनाक्रम

रायगढ़। सोशल मीडिया के लिए रील बनाना एक नवविवाहिता के लिए जानलेवा साबित हो गया। शहर के कोष्टापारा नया गंज मोहल्ले में 22 वर्षीय महिला का शव उसके घर के कमरे में सीलिंग फैन से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पूरा घटनाक्रम महिला के मोबाइल फोन में रिकॉर्ड हुआ है।

बंद कमरे में मिला शव, परिजनों ने पुलिस को दी सूचना

मृतका की पहचान विशाखा देवांगन (22) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोपहर में जब वे घर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजे की दरार से देखने पर महिला फंदे से लटकी दिखाई दी। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई।

मोबाइल में मिला वीडियो, जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के दौरान मृतका के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला है। पुलिस के अनुसार, वीडियो में महिला फंदा लगाकर रिकॉर्डिंग करती हुई दिखाई दे रही है। शुरुआती आशंका है कि सोशल मीडिया के लिए रील बनाते समय यह हादसा हुआ।

हर पहलू की जांच कर रही पुलिस

फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटना कैसे हुई और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या है, इसका पता लगाने के लिए मोबाइल फोन, वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।