Advertisement Carousel

Chhattisgarh Election 2023: छत्तीसगढ़ी एक्टर अनुज शर्मा BJP में शामिल, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने दिलाई सदस्यता

रायपुर: Padma Shri Anuj Sharma join BJP छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को अब कुछ ही महीने बचे हैं। ऐसे में सत्तारूढ़ कांग्रेस और 15 सालों तक सत्ता में रह चुकी भाजपा दोनों ही पार्टी अपनी जीत का दावा कर रही है। वहीं अब राजनीतिक पार्टियों में नेताओं के दल बदलने और नए सदस्यों के जुड़ने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है।

इसी बीच अब छत्तीसगढ़ के सियासी गलियारों से एक और बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। पद्मश्री अनुज शर्मा बीजेपी में शामिल हो गए है। प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने उन्हें सदस्यता दिलाई है।

इंजीनियर, डॉक्टर, वकील, छात्र नेता बीजेपी में हुए शामिल

इसके साथ ही इंजीनियर, डॉक्टर, वकील और कई कॉलेजों में पढ़ने वाले सैकड़ों छात्रों ने भी बीेजपी में प्रवेश किया है। प्रदेश के 300 से ज्यादा छत्तीसगढ़ी कलाकार, समाजसेवी, व्यापारी और किसानों ने भी बीजेपी की सदस्यता ली है। इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि नए कार्यकर्ताओं का मैं स्वागत करता हूं। यह विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। आज पद्मश्री से विभूषित लोग बीजेपी में शामिल हुए हैं। इनमें अनुज शर्मा और राधेश्याम बारले अपनी कला से प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। ऐसे विद्वान और पद्मश्री लोगों का पार्टी में स्वागत है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की दशा और दिशा को खराब की है। हम सब मिलकर छत्तीसगढ़ को बचाने का काम करेंगे। आप सभी के आने से निश्चित रूप से भारतीय जनता पार्टी को मजबूती मिलेगी। आप सबको एक बार दोबारा बधाई।

कौन हैं अनुज शर्मा

अनुज शर्मा छत्तीसगढ़ी सिनेमा यानी छॉलीवुड के सुपरस्टार और पद्मश्री से सम्मानित हैं। छत्तीसगढ़ी फिल्म सुपरस्टार अनुज शर्मा ने लगभग 23 साल तक छालीवुड में अभिनय कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। फिल्म में अभियन करने के साथ ही उन्होंने संगीत के क्षेत्र में भी महारथ हासिल की है। उनका आरुग बैंड काफी फेमस है। इसके जरिए वो छत्तीसगढ़ी गीत-संगीत, बोली, भाषा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर काम करते रहते हैं। उम्दा और बेहतर अभिनेता के साथ ही वे एक शानदार गायक भी हैं। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव 2023 में बीजेपी उनकी लोकप्रियता को भुनाने की पूरी तैयारी में है। उनकी सुपर डुपर फिल्मों में छत्तीसगढ़ राज्य बनने के साथ ही मोर छंइहा भुंईया हैं। इस फिल्म ने ही अनुज शर्मा को पहचान दिलाई और वो रातो रात सुपर स्टार बन गए। यह फिल्म छॉलीवुड बॉक्स पर छा गई। लोगों ने इसे काफी पंसद किया।

 

भोजपुरी फिल्मों में भी किया अभिनय

इस फिल्म ने प्रदेश में शोले और जय संतोषी मां जैसी फिल्मों के रिकार्ड तोड़े और आज तक इस फिल्म की डिमांड है। फेमस निर्देशक सतीश कौशिक ने इस फिल्म का सिक्वल बनाने वाले थे। इतन ही नहीं अनुज शर्मा ने भोजपुरी फिल्मों में भी अभिनय किया है। उनकी सफल फिल्मों में प्रेम के बंधना, मेहनत की फसल, बैझड़ हीरो नंबर वन, मोर मन के मीत, महूं दीवाना, तहूं दीवानी, मोर यार सुरपस्टार, राजा छत्तीसगढ़िया, मया, मोर संग चलव, रंग रसिया, रंगोबती आदि सुपरहिट फिल्में हैं। छत्तीसगढ़ी गीत-संगीत, संस्कृति और भाषा में योगदान के लिए तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने साल 2014 में पद्मश्री से सम्मानित किया। स्वच्छ भारत अभियान में उन्हें प्रदेश के नौ रत्नों में शामिल किया गया है। अमर उजाला डॉट कॉम से खास बातचीत में उन्होंने कहा कि वो राजनीति और फिल्म दोनों साथ-साथ करेंगे। साल 2008 के चुनाव के दौरान भी भाजपा में शामिल होने की खबरें आईं थी। अनुज भाटापारा के मूल निवासी हैं। अटकलें हैं कि अनुज को भाटापारा विधानसभा से ही बीजेपी अपना उम्मीदवार बना सकती है।