Advertisement Carousel

Petrol-Deisel Rate: क्या आने वाले दिनों में जेब पर बढ़ने वाला है बोझ… दुनिया भर में बदले हालात के बीच सामने आई नई तस्वीर

Petrol-Deisel Rate:  देशभर में 23 जुलाई को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। लगातार कई सप्ताह से ईंधन के दाम स्थिर बने हुए हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी से बदलते हालात भविष्य को लेकर नई चिंता पैदा कर रहे हैं। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव ने एक बार फिर कच्चे तेल के बाजार को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।

दो महीने से ज्यादा समय से स्थिर हैं पेट्रोल-डीजल के दाम

भारत में 25 मई के बाद से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई संशोधन नहीं हुआ है। आखिरी बार सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 2.71 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए थे। इसके बाद से उपभोक्ताओं को कीमतों में कोई बदलाव देखने को नहीं मिला है।

वैश्विक तनाव ने फिर बढ़ाई कच्चे तेल की कीमत

कुछ समय पहले उम्मीद जताई जा रही थी कि होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही सामान्य होने पर कच्चे तेल की कीमतों में राहत मिलेगी। इसी कारण बाजार में थोड़ी नरमी भी आई थी। लेकिन पश्चिम एशिया में हालात फिर बिगड़ने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतें दोबारा चढ़ने लगी हैं।

आज देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल के दाम

शहर पेट्रोल डीजल
दिल्ली 102.12 रुपये प्रति लीटर 95.20 रुपये प्रति लीटर
मुंबई 111.21 रुपये प्रति लीटर 97.83 रुपये प्रति लीटर
कोलकाता 113.51 रुपये प्रति लीटर 99.82 रुपये प्रति लीटर
बेंगलुरु 110.93 रुपये प्रति लीटर 98.80 रुपये प्रति लीटर
चेन्नई 107.77 रुपये प्रति लीटर 99.55 रुपये प्रति लीटर
पटना 113.35 रुपये प्रति लीटर 99.36 रुपये प्रति लीटर
इंदौर 114.58 रुपये प्रति लीटर 99.70 रुपये प्रति लीटर
हैदराबाद 115.69 रुपये प्रति लीटर 103.82 रुपये प्रति लीटर
कानपुर 101.59 रुपये प्रति लीटर 95.06 रुपये प्रति लीटर

भारतीय कंपनियों ने इराक से तेल उठाने की योजना रोकी

होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास बढ़ते सुरक्षा खतरे का असर अब भारत की तेल आपूर्ति पर भी दिखाई देने लगा है। दो सरकारी तेल कंपनियों ने इराक से कच्चा तेल लाने की अपनी तय योजना फिलहाल रोक दी है।इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने लगभग 20 लाख बैरल इराकी कच्चा तेल लाने के लिए निर्धारित अपने सुपरटैंकर की लोडिंग रद्द कर दी है। वहीं मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड ने भी अपने टैंकर की लोडिंग फिलहाल रोक दी है।

ड्रोन हमले के बाद बढ़ा समुद्री मार्ग का जोखिम

इराक के बसरा टर्मिनल के पास हाल में हुए ड्रोन हमले के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है। लगातार बढ़ते खतरे के कारण समुद्री परिवहन का जोखिम और बीमा खर्च दोनों में इजाफा हुआ है।इराक के तेल मंत्रालय के अनुसार मौजूदा हालात को देखते हुए कई कंपनियों ने तय लोडिंग कार्यक्रम फिलहाल रद्द कर दिए हैं, ताकि किसी भी संभावित नुकसान से बचा जा सके।

क्या आगे बदल सकते हैं पेट्रोल-डीजल के दाम

फिलहाल देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। हालांकि यदि पश्चिम एशिया में तनाव लंबे समय तक जारी रहता है और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी रहती है, तो आने वाले समय में घरेलू बाजार पर भी इसका असर पड़ सकता है। इसलिए अगले कुछ दिनों में अंतरराष्ट्रीय हालात और तेल बाजार की गतिविधियों पर सभी की नजर रहेगी।