रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में विकसित भारत-जी-राम (VB-GRAMG) योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब गांव आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनेंगे। इसी सोच के साथ केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
1 जुलाई से लागू हुई नई ग्रामीण विकास योजना
मुख्यमंत्री ने बताया कि विकसित भारत-जी-राम योजना 1 जुलाई 2026 से लागू की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना, बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और श्रमिकों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाना है।उन्होंने कहा कि योजना के तहत अब ग्रामीण परिवारों को पहले से अधिक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे गांवों में आय बढ़ेगी और रोजगार के लिए पलायन की समस्या कम होगी।
125 दिन रोजगार और 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी
विष्णुदेव साय ने बताया कि इस योजना के तहत ग्रामीण श्रमिकों को हर वर्ष 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जाएगी। साथ ही उन्हें प्रतिदिन 300 रुपये मजदूरी मिलेगी। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और गांवों को आत्मनिर्भर बनाना है।
318 तरह के विकास कार्य होंगे
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के अंतर्गत 318 प्रकार के विकास कार्य शामिल किए गए हैं। इनमें जल संरक्षण, जल संवर्धन, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका संवर्धन और आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्य प्रमुख हैं।
इन परियोजनाओं के माध्यम से गांवों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण होगा और प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
किसानों और ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संरक्षण और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं ग्रामीण सड़कों, सामुदायिक परिसंपत्तियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास से गांवों में जीवन स्तर बेहतर होगा। स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने से श्रमिकों को अपने ही गांव में काम करने का अवसर मिलेगा।
15 अगस्त से शुरू होगा ‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ अभियान
प्रेस ब्रीफिंग के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ अभियान की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त से 26 जनवरी के बीच प्रदेश के 6,671 विद्यालयों में छात्राओं के लिए शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान को मजबूत करना है। विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने से छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और पढ़ाई में आने वाली बाधाएं कम होंगी।
ग्रामीण विकास से साकार होगा विकसित छत्तीसगढ़ का सपना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और ग्रामीण विकास के सभी क्षेत्रों में तेजी से काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य गांवों को आत्मनिर्भर बनाना और ग्रामीण नागरिकों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार लाना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि जब गांव मजबूत होंगे, किसान समृद्ध होंगे और श्रमिकों को गांव में ही रोजगार मिलेगा, तभी विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं का और विस्तार किया जाएगा।











