रायगढ़ : जेएसपीएल कंपनी के डम्प यार्ड से लोहे का वेस्ट मटेरियल चोरी करने के मामले में कोतरारोड़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अजीज खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी रायपुर के सिलतरा क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस ने उसे रायपुर से हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया और पूछताछ के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।पुलिस की यह कार्रवाई ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत की गई। मामले की जांच के दौरान सामने आए सुरागों के आधार पर पुलिस काफी समय से अजीज खान की तलाश कर रही थी।
एक साल पहले सामने आया था संगठित चोरी का मामला
मामला नवंबर 2025 का है। जिंदल स्टील लिमिटेड पतरापाली रायगढ़ के महाप्रबंधक जनसंपर्क हेमंत वर्मा ने 1 नवंबर 2025 को कोतरारोड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि ग्राम कलमी स्थित कंपनी के डम्प यार्ड में एक्रिशन यानी लोहे का वेस्ट मटेरियल रखा जाता है।26 अक्टूबर को यार्ड की जांच में सामग्री सुरक्षित मिली थी। इसके बाद 1 नवंबर को दोबारा निरीक्षण करने पर बड़ी मात्रा में लोहे का वेस्ट मटेरियल गायब पाया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 446/2025 दर्ज कर जांच शुरू की थी।
दो ट्रेलर में लदा मिला चोरी का स्क्रैप
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी बीच सूचना मिली कि रायगढ़ शहर में एनएच-49 के किनारे दो ट्रेलर खड़े हैं, जिनमें लोहे का स्क्रैप भरा हुआ है।पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। एक ट्रेलर के पास मौजूद तीन लोगों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान कुशलराम यादव, शंभू यादव और लक्की कंवर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में तीनों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
1.20 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो ट्रेलर और लोहे के वेस्ट मटेरियल समेत तीन मोबाइल फोन बरामद किए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख 36 हजार 600 रुपये बताई गई।शंभू यादव के कब्जे से ट्रेलर क्रमांक CG-10-BT-1044 बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई। ट्रेलर में 1,500 किलोग्राम एक्रिशन लदा था। इसके साथ एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।दूसरे आरोपी कुशलराम यादव के कब्जे से ट्रेलर क्रमांक CG-10-BC-5505 बरामद हुआ। इसकी कीमत भी करीब 60 लाख रुपये बताई गई। ट्रेलर में 2,100 किलोग्राम लोहे का वेस्ट मटेरियल मिला। उसके पास से वीवो कंपनी का मोबाइल भी जब्त किया गया। तीसरे आरोपी लक्की कंवर के पास से वनप्लस मोबाइल बरामद हुआ।इसके बाद कुशलराम यादव, शंभू यादव और लक्की कंवर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था।
पूछताछ में खुला अजीज खान का कनेक्शन
पुलिस की आगे की जांच में इस चोरी के पीछे एक अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आई। वाहन चालक कुशलराम यादव ने पूछताछ में बताया कि वह अपने ट्रेलर से कोरबा के दीपका क्षेत्र से कोयला लेकर रायगढ़ आया था और उसे शरडा एनर्जी में खाली किया था।इसके बाद उसके मोबाइल पर अजीज खान का फोन आया। अजीज ने उसे जिंदल कंपनी के कलमी स्थित यार्ड में बुलाया था। 1 नवंबर 2025 की सुबह वह ट्रेलर लेकर वहां पहुंचा, जहां दूसरा ट्रेलर चालक शंभू यादव भी मौजूद था। पुलिस के अनुसार, शंभू ने बताया था कि वह अजीज खान के कहने पर लोहे का वेस्ट मटेरियल लेने आया है।जांच में अजीज खान की चोरी किए गए एक्रिशन की खरीद-बिक्री और पूरी गतिविधि में संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
रायपुर से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
लगातार पतासाजी के बाद 2 सितंबर 2026 को एसआई दीपिका निर्मलकर और पुलिस टीम ने अजीज खान को रायपुर से हिरासत में लिया। इसके बाद उसे रायगढ़ लाया गया।पुलिस के मुताबिक, अजीज खान पिता जफरुद्दीन खान, उम्र 32 वर्ष, सिलतरा सांकरा क्षेत्र के मकान नंबर 210 का निवासी है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार की। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
संगठित गिरोह के अन्य कनेक्शन की भी जांच
एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस इस मामले को संगठित चोरी गिरोह से जोड़कर जांच कर रही है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के वेस्ट मटेरियल की खरीद-बिक्री में और कौन लोग शामिल थे तथा इस नेटवर्क का संचालन किस स्तर तक फैला हुआ था।मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह, उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर, प्रधान आरक्षक राधेश्याम कमल और आरक्षक चन्द्रेश पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











