Advertisement Carousel

महानदी में दो बच्चों को बचाकर खुद जिंदगी हार गए प्रदीप कश्यप, नदी किनारे मिला शव

अभनपुर। गोबरा नवापारा नगर के नेहरू घाट स्थित महानदी में दो बच्चों की जान बचाने के दौरान डूबे युवक का शव रविवार तड़के नदी किनारे शनि मंदिर के पीछे बरामद हुआ। शनिवार को हुए इस हादसे के बाद एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने देर शाम तक तलाश अभियान चलाया था, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसे रोकना पड़ा। रविवार सुबह नया सर्च अभियान शुरू होने से पहले ही युवक का शव बहकर किनारे आ गया।

बच्चों को बचाने के लिए बिना सोचे नदी में लगाई छलांग

जानकारी के अनुसार, इंदिरा मार्केट निवासी 35 वर्षीय प्रदीप कश्यप शनिवार दोपहर अपनी पत्नी के साथ नेहरू घाट पहुंचे थे। इसी दौरान नदी में नहा रहे दो बच्चे गहरे पानी में फंसकर डूबने लगे। बच्चों को संकट में देख प्रदीप ने तुरंत नदी में छलांग लगा दी और साहस का परिचय देते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

तेज बहाव की चपेट में आकर हुए लापता

दोनों बच्चों की जान बचाने के बाद प्रदीप कश्यप खुद नदी की तेज धारा और गहरे पानी में फंस गए। देखते ही देखते वह पानी में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस, एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और कई घंटों तक खोजबीन की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।

रविवार सुबह नदी किनारे मिला शव

रविवार तड़के गोबरा नवापारा क्षेत्र में शनि मंदिर के पीछे नदी किनारे प्रदीप कश्यप का शव बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

साहस को लोग कर रहे सलाम

इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। अपनी जान की परवाह किए बिना दो मासूम बच्चों की जिंदगी बचाने वाले प्रदीप कश्यप के साहस और मानवता की लोग खुलकर सराहना कर रहे हैं। उनका यह बलिदान लंबे समय तक याद किया जाएगा।