Advertisement Carousel

हाथियों का कहर, बुजुर्ग को कुचलकर मार डाला, घर और धान की फसल भी बर्बाद

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बगीचा वनपरिक्षेत्र के एक गांव में देर रात हाथियों के झुंड ने घुसकर जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान झोपड़ी में सो रहे एक बुजुर्ग की हाथियों ने कुचलकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है।

झोपड़ी में सो रहे बुजुर्ग पर किया जानलेवा हमला

जानकारी के अनुसार घटना बगीचा वनपरिक्षेत्र के घुघरी कदमटोली गांव की है। देर रात जंगल से निकला हाथियों का दल गांव में पहुंच गया। इसी दौरान जंगल से लगे क्षेत्र में बने झोपड़ीनुमा मकान में सो रहे लगभग 70 वर्षीय बुजुर्ग पर हाथियों ने हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।

घर को तोड़ा, खेतों में मचाई तबाही

हाथियों का झुंड यहीं नहीं रुका। उन्होंने बुजुर्ग का घर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद गांव के आसपास खेतों में पहुंचकर धान की फसल को भी रौंद डाला, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।

ग्रामीणों में दहशत, रातभर जागकर कर रहे निगरानी

घटना के बाद गांव के लोगों में डर का माहौल है। जंगल से सटे इलाकों में रहने वाले परिवार हाथियों के दोबारा गांव में आने की आशंका से सहमे हुए हैं। कई ग्रामीण रातभर जागकर हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।

महुआडीह जंगल में डेरा डाले हुए हैं 16 हाथी

वन विभाग के मुताबिक बगीचा वनपरिक्षेत्र के महुआडीह जंगल में करीब 16 हाथियों का दल लगातार विचरण कर रहा है। इसी वजह से आसपास के गांवों में खतरा बना हुआ है।

वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। विभाग ने हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी तेज कर दी है तथा ग्रामीणों से सतर्क रहने और रात के समय जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की है। वहीं, गांव में हुई इस दुखद घटना के बाद लोगों ने हाथियों से सुरक्षा के लिए प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।