सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जमीन को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद एक दर्दनाक हत्याकांड में बदल गया। रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस घटना में एक नाती ने अपने 60 वर्षीय दादा की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक पीढ़ा गांव का रहने वाला था। जमीन के स्वामित्व को लेकर उसका अपने परिजनों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी मामले में गुरुवार को दोनों पक्ष सूरजपुर न्यायालय में पेशी के लिए पहुंचे थे।
पहले ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश, फिर चाकू से किया हमला
बताया जा रहा है कि न्यायालय से लौटते समय पर्री गांव के पास दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि बड़े नाती ने पहले ट्रैक्टर से अपने दादा को कुचलने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इसके बाद दूसरे नाती ने चाकू निकालकर बुजुर्ग पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल वृद्ध ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने एक आरोपी को दबोचा, पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से भागने लगे, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने पीछा कर एक आरोपी नाती को पकड़ लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपी की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की परिस्थितियों और जमीन विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।











