
कहते हैं कि प्यार की कोई उम्र नहीं होती और एक बार इश्क हो जाने पर कभी मिटता नहीं. 100 साल के हारोल्ड टेरेंस ने इस कहावत को सच साबित करके दिखाया है.

टेरेंस अमेरिका की तरफ से सेंकेंड वर्ल्ड वॉर लड़ चुके हैं. अब उन्होंने अपनी 96 वर्षीय प्रेमिका जीन स्वेर्लिन से शादी रचाई है.

टेरेंस और स्वेर्लिन के विवाह समारोह में शामिल हुए कुछ लोगों ने दूसरे विश्व युद्ध के समय की पोशाक पहनी हुई थीं.

जीन स्वेर्लिन ने गुलाबी रंग की पोशाक पहनी थी. वहीं, टेरेंस ने हल्के नीले रंग के सूट पहना.

टेरेंस ने इसे ‘अपने जीवन का सबसे अच्छा दिन’ बताया और स्वेर्लिन ने कहा, ‘प्यार केवल युवाओं के लिए नहीं हैं.’

इस नवविवाहित दंपती को शनिवार रात को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ शाही डिनर के लिए एलिसी पैलेस में आमंत्रित किया गया था.





