Advertisement Carousel

RSS ने मनाया ‘विजयादशमी उत्सव’, शस्त्र पूजन कर निकाला पथ संचलन

लोरमी. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की खंड लोरमी इकाई ने आज बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयादशमी पर्व धूमधाम से मनाया. इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने पथ संचलन निकाला, जिसमें नगर में पुष्प वर्षा की गई. पथ संचलन की शुरुआत सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल परिसर से हुई, जहां स्वयंसेवक अनुशासन के साथ एकत्रित होकर नगर में निकले. कार्यक्रम के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर पथ संचलन का स्वागत किया गया.

इस कार्यक्रम में मुंगेली जिले के संघचालक नरेश अग्रवाल, खंड संघचालक जगसिंह ध्रुव, रिटायर्ड शिक्षक केशव सिंह ठाकुर तथा क्रीड़ाभारती क्षेत्र संगठन मंत्री कौशलेंद्र ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया. कौशलेंद्र ने अपने संबोधन में संघ के उद्देश्य पर जोर देते हुए कहा कि संघ हिंदू धर्म, संस्कृति और समाज के प्रति समर्पित है.

प्रतिवर्ष की तरह इस साल भी लोरमी में सैकड़ों गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने घोष के साथ कदम से कदम मिलाते हुए नगर का भ्रमण किया. पथ संचलन सरस्वती शिशु मंदिर से शुरू होकर राजा बाड़ा, मुख्य मार्ग और बस स्टैंड मुंगेली चौक से होते हुए मानस मंच पर समाप्त हुआ.

इस दौरान स्वयंसेवकों ने युद्ध, योग और आसन सहित अनेक सामूहिक प्रदर्शन किए. समापन कार्यक्रम में मुख्य वक्ता कौशलेंद्र ने सामाजिक समरसता पर बल देते हुए हिंदू समाज को एकजुट रहने का आह्वान किया.

उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि 1925 में स्थापित संघ पिछले 99 वर्षों से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत है. उन्होंने समाज में समरसता के भाव जागृत करने और पर्यावरण प्रदूषण रोकने की दिशा में काम करने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि जल, मृदा और वायु प्रदूषण से बचा जा सके. उन्होंने समाज में एक-दूसरे के प्रति सद्भावना और आत्मीयता बढ़ाने की भी बात कही.