सीहोर: कुबेरेश्वर धाम के प्रमुख पंडित प्रदीप मिश्रा, बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और मोटिवेशनल स्पीकर जया किशोरी के बारे में आपने सुना होगा. ये तीनों कथावाचक काफी चर्चित हैं. इनकी कथाओं और मोटिवेशनल स्पीच को सुनने के लिए बड़ी तादाद में लोग जुटते हैं. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी इनके फॉलोअर्स की संख्या लाखों में है. लेकिन, क्या आपको पता है कि ये कथावाचक एक कथा करने के लिए कितना पैसा लेते हैं? कथा या प्रवचन कहने के एवज में ये कथावाचक बतौर फीस लाखों रुपये चार्ज करते हैं. ऐसे में यदि कोई सामान्य व्यक्ति इनकी कथा का आयोजन कराना चाहे तो वह इतना आसान नहीं है.
पहले बात करते हैं सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम के प्रमुख पंडित प्रदीप मिश्रा की. पंडित प्रदीप मिश्रा बेहद सामान्य परिवार से आते हैं. तकरीबन 10 साल पहले तक पंडित प्रदीप मिश्रा एक निजी विद्यालय में पढ़ाते थे. इसके बाद उन्होंने कथावाचन के क्षेत्र में कदम रखा. आज के दिन उनका कुबेरेश्वर धाम 52 एकड़ में फैला हुआ है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जिन लोगों ने पंडित प्रदीप मिश्रा के कथा का आयोजन करवाया है, उनकी मानें तो कुबेरेश्वर धाम के प्रमुख कथा कहने के एवज में 21 से 51 लाख रुपये तक लेते हैं. अन्य मद जैसे टेंट-पंडाल, माइक, भंडारा आदि का खर्च इससे अलग होता है. पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा का आयोजन कराने वालों का कहना है कि एक कार्यक्रम पर तकरीबन 1 करोड़ रुपये का कुल खर्च आता है. बता दें कि प्रदीप मिश्रा की कथा के लिए जून महीने तक की एडवांस बुकिंग हो चुकी है.









