Advertisement Carousel

Sunil Chhetri Retirement Return: सुनील छेत्री इज़ बैक! 8 महीने बाद ही कर दी संन्यास वापसी की घोषणा, इस टीम के खिलाफ खेलेंगे मैच

नई दिल्ली। Sunil Chhetri Retirement Return: भारतीय फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी सुनील छेत्री ने इस महीने होने वाले फीफा के मैत्री मैचों में मुश्किलों से घिरी राष्ट्रीय टीम की मदद के लिए अपने अंतरराष्ट्रीय संन्यास से वापसी करने का फैसला किया है। देश में फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

एआईएफएफ ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा, ‘सुनील छेत्री वापस आ गए हैं। कप्तान, नेतृत्वकर्ता, दिग्गज खिलाड़ी मार्च में फीफा अंतरराष्ट्रीय विंडो के लिए भारतीय राष्ट्रीय टीम में वापसी करेगा।’
छेत्री ने यह कदम अपने शानदार करियर के बाद संन्यास की घोषणा के एक साल से भी कम समय के भीतर उठाया है। उनके संन्यास से राष्ट्रीय टीम में एक बड़ा खालीपन पैदा हो गया है जिसे अभी भरा जाना बाकी है। शिलांग का जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम भारतीय सीनियर पुरुष टीम के दो मैचों की मेजबानी करेगा जो इस महीने फीफा अंतरराष्ट्रीय विंडो (अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए तय समय) के दौरान खेले जाएंगे।

सुनील छेत्री के करियर की शुरूआत

सुनील ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत साल 2005 में पाकिस्तान के खिलाफ की थी। वह सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल (94) करने वाले चौथे खिलाड़ी है। वहीं, क्रिस्टियानो रोनाल्डो, अली डेई और लियोनेल मेसी के बाद सक्रिय खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल करने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं। उन्हें साल 2011 में अर्जुन पुरस्कार और 2019 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।

छेत्री ने अपने शानदार करियर में छह बार एआईएफएफ प्लेयर ऑफ द ईयर पुरस्कार जीता। अंतर्राष्ट्रीय मंच पर छेत्री 2008 में एएफसी चैलेंज कप, 2011 और 2015 में एसएएफएफ चैंपियनशिप, 2007, 2009 और 2012 में नेहरू कप के साथ-साथ 2017 में इंटरकांटिनेंटल कप में खिताब जीतने वाली भारतीय टीमों का हिस्सा रहे हैं।