अंबिकापुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर ब्लॉक अंतर्गत प्राइमरी स्कूल की शिक्षिका ने 3 दिन पहले 3 छात्राओं की डंडे से पिटाई कर दी थी। छात्राओं का कसूर इतना था कि वे आपस में बातचीत कर रही थीं। पिटाई से 5वीं कक्षा की एक छात्रा के पैर में सूजन आ गई थी। यह देख हेडमास्टर ने उसे अस्पताल में इलाज कराया। मामले की शिकायत पर बीईओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर डीईओ ने शिक्षिका को सस्पेंड कर दिया है।
मामला 28 अगस्त का है। राजपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत लाऊ के धमधमियापारा प्राइमरी स्कूल में पढ़ाई के दौरान 5वीं कक्षा की 3 छात्राएं आपस में बात कर रही थीं। यह देख सहायक शिक्षक एलबी ज्योति तिर्की गुस्सा हो गईं। उन्होंने तीनों छात्राओं की रूल से पिटाई कर दी। इससे विशेष संरक्षित जनजाति की छात्रा मुनिका कोरवा (11) के घुटने में सूजन आ गया और वह दर्द से कराहते हुए रोने लगी।
इस दौरान हेडमास्टर रामराज यादव मीटिंग में गए हुए थे। जब वे लौटे तो छात्रा मुनिका रो रही थी। उन्होंने उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि शिक्षिका ने डंडे से पिटाई की है। हेडमास्टर ने छात्रा के घुटने में सूजन देख उसे तत्काल राजपुर अस्पताल ले गए और इलाज के बाद उसे घर भेज दिया।











