रायपुर: केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने झारखंड दौरे के दौरान शहरी विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर सभी परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए। रांची स्थित राज्य अतिथि गृह में आयोजित समीक्षा बैठक में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति से मंत्री को अवगत कराया।
इन योजनाओं की हुई विस्तार से समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0, स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0, अमृत 2.0 और पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। तोखन साहू ने सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए अधिकारियों से कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरे किए जाएं, ताकि आम लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
झुग्गीवासियों और श्रमिकों के आवास पर विशेष फोकस
केंद्रीय मंत्री ने हटिया रेलवे स्टेशन के आसपास रहने वाले झुग्गीवासियों के पुनर्वास के लिए अफोर्डेबल हाउसिंग इन पार्टनरशिप मॉडल को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों के लिए किफायती किराये के आवास उपलब्ध कराने की योजना को तेजी से लागू करने पर भी बल दिया। उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को जल्द क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
मार्च 2027 तक पूरे हों लंबित प्रोजेक्ट
स्वच्छ भारत मिशन-शहरी और अमृत 2.0 के तहत चल रही सभी लंबित और निर्माणाधीन परियोजनाओं को मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं राज्य की सभी लेगेसी वेस्ट डंप साइटों का वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन दिसंबर 2026 तक सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा लंबित ठेकेदार भुगतान जारी करने, सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालयों की निविदाएं अगस्त 2026 तक जारी करने तथा स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी के लिए आईओटी आधारित प्रणाली अपनाने पर भी जोर दिया गया।
अपशिष्ट जल प्रबंधन पर दिए सख्त निर्देश
रांची में सीवेज और अपशिष्ट जल प्रबंधन की समीक्षा करते हुए मंत्री ने बिना उपचारित गंदे पानी को जलाशयों में जाने से पूरी तरह रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने मौजूदा सीवेज शोधन क्षमता को अपर्याप्त बताते हुए प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने की आवश्यकता जताई। रांची स्मार्ट सिटी की ग्रीनफील्ड परियोजनाओं की सराहना करते हुए उन्होंने इसे भविष्य की जरूरतों के अनुरूप शहरी विकास का बेहतर उदाहरण बताया।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी दिया जोर
इसके बाद तोखन साहू ने सीपीडब्ल्यूडी, हडको और एनबीसीसी के अधिकारियों के साथ अलग बैठक कर निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने और अर्बन चैलेंज फंड का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बायोगैस प्लांट और डंप साइट का किया निरीक्षण
झारखंड प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री ने रांची स्थित कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट और लेगेसी वेस्ट डंप साइट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बायोमाइनिंग और वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दिसंबर 2026 तक डंप साइट का वैज्ञानिक निष्पादन पूरा करने के निर्देश दिए। पुनर्स्थापित भूमि पर आयोजित वृक्षारोपण अभियान में शामिल होकर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
चतरा में शोक संतप्त परिवार से की मुलाकात
दौरे के दौरान तोखन साहू चतरा जिले में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता बिंदेश्वर साहू के निवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनकी दिवंगत माताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों से भी संवाद किया। उनके साथ सिमरिया विधायक कुमार उज्ज्वल दास भी मौजूद रहे।
मां बागेश्वरी के दर्शन कर की प्रदेश की खुशहाली की कामना
अपने दौरे के अंतिम चरण में केंद्रीय राज्य मंत्री ने मां बागेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन किया और झारखंड की सुख-समृद्धि, शांति तथा जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार स्वच्छ, आधुनिक, समावेशी और सतत शहरों के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। आवासन, स्वच्छता और शहरी अधोसंरचना से जुड़ी योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।











