Advertisement Carousel

CM साय के गढ़ में 140 मोबाइल की चोरी से सियासत गरम, भूपेश बघेल ने गृहमंत्री पर साधा निशाना…पुलिस की कार्रवाई में नया अपडेट

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में मोबाइल दुकान से हुई बड़ी चोरी अब राजनीतिक मुद्दा बन गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घटना को लेकर पुलिस व्यवस्था और गृहमंत्री विजय शर्मा पर सवाल खड़े किए हैं। बघेल ने आरोप लगाया कि चोरी के आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस के पास पेट्रोल-डीजल तक के पैसे नहीं हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से गृहमंत्री को पद से हटाने तक की मांग कर दी।

थाने के सामने दुकान से उड़े 130 से 140 मोबाइल

कुनकुरी के जय स्तंभ चौक स्थित कठौतिया मोबाइल दुकान में 12 अगस्त की रात चोरी हुई थी। दुकान पुलिस थाने के सामने स्थित है। आरोप है कि चोर करीब 130 से 140 मोबाइल फोन लेकर मौके से निकल गए।घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। CCTV फुटेज, होटल से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों को खंगालते हुए संदिग्धों की पहचान की गई।

झारखंड पहुंची टीम ने एक आरोपी को पकड़ा

पुलिस जांच में एक संदिग्ध की पहचान तौसीफ रजा, निवासी साहेबगंज, झारखंड के रूप में हुई। विशेष पुलिस टीम झारखंड पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तौसीफ रजा ने एक साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी किए गए मोबाइल दूसरे साथी के पास हैं। पुलिस ने उस आरोपी की पहचान कर ली है, लेकिन वह फिलहाल फरार है।

चोरी के मोबाइल की बरामदगी अभी बाकी

पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद करने की कोशिश कर रही है। बताया गया है कि चोरी के कुछ फोन लगातार एक्टिवेट हो रहे हैं और दुकानदार की ओर से पुलिस को इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।वहीं, आरोप सामने आया है कि फरार आरोपी की तलाश में जाने के लिए पुलिस ने शिकायतकर्ता से पेट्रोल के लिए पैसे मांगे। शिकायतकर्ता द्वारा पैसे दिए जाने की बात भी सामने आई है। इसी दावे को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

भूपेश बघेल ने सरकार को घेरा

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसी मामले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा पर निशाना साधा। उनका कहना है कि जब मुख्यमंत्री के अपने विधानसभा क्षेत्र में पुलिस की ऐसी स्थिति है तो प्रदेश की कानून व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है।बघेल ने मुख्यमंत्री से गृहमंत्री विजय शर्मा को हटाने की मांग करते हुए सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है।फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में जुटी है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई से ही साफ होगा कि चोरी का पूरा नेटवर्क कैसे काम कर रहा था और कितने मोबाइल बरामद किए जा सकते हैं।