बेंगलूरु (कर्नाटक)बेंगलूरु के दो शिक्षकों की शर्मनाक हरकत सामने आई है। दक्षिण कन्नड़ जिले के मूडबिदरी स्थित एक कॉलेज के दो शिक्षकों ने एक छात्रा के साथ बलात्कार किया। इसके बाद शिक्षक उसे ब्लैकमेल करते रहे और कई बार रेप किया। मारतहल्ली थाना पुलिस ने आरोपी फिजिक्स के व्याख्याता नरेंद्र (45), बायोलॉजी के व्याख्याता संदीप (38) और उनके दोस्त अनूप (40) गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक नरेंद्र ने नोट्स देने के बहाने छात्रा के साथ दोस्ती की। वह छात्रा से लगातार चैट करता था। छात्रा को नोट्स देने के बहाने मारतहल्ली स्थित दोस्त अनूप के कमरे पर ले गया और रेप किया। उसने छात्रा को किसी को नहीं बताने की धमकी दी। वहीं दूसरे आरोपी संदीप ने छात्रा को ब्लैकमेल कर उसके साथ बलात्कार किया।
संदीप का कहना था कि उसके पास नरेंद्र के साथ उसकी तस्वीरें और वीडियो हैं। वहीं, तीसरे आरोपी अनूप ने भी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर छात्रा से बलात्कार किया। आरोपियों ने बार-बार छात्रा का बलात्कार किया। इससे परेशान छात्रा ने अंतत: माता-पिता को इस बारे में बताया। माता-पिता बेटी को लेकर महिला आयोग गए और फिर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आशंका है कि दोनों व्याख्याताओं ने पहले भी कुछ छात्राओं के साथ बलात्कार किया है और उन्हें धमकाया है, जिसकी जांच जारी है।













