Advertisement Carousel

भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी पर Dream11 की जगह छपेगा ये नया नाम, इतने करोड़ में हुई डील…

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम का नया जर्सी स्पॉन्सर आखिरकार तय हो गया है। अब Apollo Tyres आधिकारिक तौर पर टीम इंडिया की जर्सी पर अपना लोगो सजाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने यह ऐलान Dream11 के साथ हुई स्पॉन्सरशिप डील को रद्द करने के बाद किया।

दरअसल, केंद्र सरकार ने हाल ही में ऑनलाइन गेमिंग पर असली पैसे (Real-Money) से खेले जाने वाले गेम्स को प्रतिबंधित कर दिया है। इस फैसले का सीधा असर Dream11 पर पड़ा और कंपनी की स्पॉन्सरशिप डील समय से पहले ही खत्म कर दी गई।

2 सितंबर को BCCI ने जर्सी स्पॉन्सरशिप के लिए बोली प्रक्रिया (EOI) जारी की थी। इसमें गेमिंग, बेटिंग, क्रिप्टो और तंबाकू कंपनियों को बाहर रखा गया था। वहीं बैंकिंग, इंश्योरेंस, खेल-कपड़े, कोल्ड ड्रिंक और घरेलू उपकरण बनाने वाली कंपनियों को भी प्रतिबंधित किया गया, क्योंकि इन क्षेत्रों में पहले से बोर्ड के स्पॉन्सर्स मौजूद हैं।

इस प्रक्रिया में Apollo Tyres ने सबसे मजबूत दांव खेला। कंपनी ने हर मैच के लिए 4.5 करोड़ रुपये देने की पेशकश की, जो Dream11 के 4 करोड़ रुपये प्रति मैच से अधिक है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक Canva’ और JK Tyres’ ने भी टीम इंडिया का नया जर्सी स्पॉन्सर बनने के लिए बोली लगाई थी, लेकिन इसी वजह से Apollo Tyres ने यह रेस जीत ली। नया करार 2027 तक लागू रहेगा। इस दौरान भारतीय टीम करीब 100 से 120 मैच खेलेगी, जिससे BCCI को करीब 450 से 540 करोड़ रुपये मिलेंगे।

Dream11 के हटने के बाद भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम एशिया कप में और महिला टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज़ में बिना किसी जर्सी स्पॉन्सर के मैदान पर उतरी थी। ऐसे में टीम इंडिया के फैंस भी नई स्पॉन्सरशिप को लेकर उत्सुक थे। अब इस ऐलान के बाद खिलाड़ियों की नई जर्सी पर Apollo Tyres का लोगो नजर आएगा।