नई दिल्ली। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज 75वां जन्मदिन है। इस मौके पर दिल्ली में कई जगहों पर कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है। इस दौरान दिल्ली वालों के लिए कई योजनाओं का भी शुभारंभ होगा। इनमें सबसे खास नजारा त्यागराज स्टेडियम का होगा जहां उनकी तस्वीर वाले 75 विशेष ड्रोन तैनात किया जाएगा। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी प्रौद्योगिकी संस्थान के छात्रों ने 75 विशेष ड्रोन विकसित किए हैं, जो 17 सितंबर को त्यागराज स्टेडियम से उड़ान भरेंगे।
अधिकारी के अनुसार, ये ड्रोन दिल्ली पुलिस को सौंपे जाएंगे और प्रत्येक जिले को पांच ड्रोन आवंटित किए जाएँगे। समारोह के दौरान महिला कांस्टेबलों को ड्रोन चलाने का प्रशिक्षण दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि इन 75 ड्रोनों में से 15 तकनीकी एवं प्रशिक्षण शिक्षा विभाग द्वारा विकसित उच्च-स्तरीय मॉडल हैं।
शनिवार को, दिल्ली सरकार ने कहा था कि वह प्रधानमंत्री के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में ‘सेवा पखवाड़ा’ अभियान के तहत कई पहल शुरू करेगी। इन प्रमुख पहलों में अंग प्रत्यारोपण एवं जागरूकता पोर्टल का शुभारंभ, अंतर-राज्यीय बस सेवा की शुरुआत, परिवहन मार्गों का युक्तिकरण और 100 नई बसों को शामिल करना शामिल है।
अमित शाह 15 विकास परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ
जन्मतिथि पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को त्यागराज स्टेडियम में एक कार्यक्रम में 15 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। कर्तव्य पथ पर सुबह का कार्यक्रम “थैंक यू मोदी जी” के तहत रक्तदान शिविर के अलावा एक प्रदर्शनी और सेवा संकल्प पदयात्रा से शुरू होगा। इंडिया गेट के पास आयोजित इस शिविर का उद्देश्य 1,000 यूनिट रक्त एकत्र करना है। लालकिला मैदान में पीएम मोदी के जन्मदिन पर 1,250 दिव्यांगों को मिलेंगे कृत्रिम अंग।
17 सितंबर को शुरू होने वाली ये योजनाएं
गुरु गोविंद सिंह, संजय गांधी मेमोरियल, आचार्य श्री भिक्षु, भगवान महावीर व श्री दादा देव अस्पताल में नए ब्लॉक का शुभारंभ।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुरू होंगी 50 हजार नई पेंशन वाली स्कीम।
बुराड़ी में 150 डायलिसिस मशीनों का होगा उद्घाटन।
दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष 10 संसाधन केंद्र खोलेगी सरकार।
विशेष देखभाल वाले व्यक्तियों के लिए 6000 रुपये की मासिक की वित्तीय सहायता।
दिल्ली पुलिस को 75 ड्रोन मिलेंगे।
101 आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन।
24 अग्निशमक क्विक रिस्पांस वाहनों को हरी झंडी।
काॅलेज जाने वाली दृष्टिबाधित लड़कियों के लिए छात्रावास, तिमारपुर, दिल्ली।
सावित्री बाई फुले, वरिष्ठ नागरिकों का आश्रम, (वृद्धाश्रम), बीजी-6, पश्चिम विहार, दिल्ली (96 निवासियों की क्षमता)
2 वेस्ट टू एनर्जी प्लांट (डब्ल्यूटीई) का शिलान्यास









