Advertisement Carousel

राजधानी में पकड़ाए नशे के सौदागर: नशीली टेबलेट बेचने के लिए तलाश रहे थे ग्राहक, तभी पहुंच गई पुलिस

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कमिश्नरेट पुलिस की ओर से मादक पदार्थों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने ऐसे दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो नशीली टेबलेट बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 29 हजार रुपए का प्रतिबंधित नशीली टेबलेट जब्त किया है। यह पूरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।

ग्राहक की कर रहे थे तलाश

दरअसल, एण्टी क्राईम एवं साईबर यूनिट की टीम को सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टिकरापारा थाना क्षेत्र में गोकुल नगर शमशान घाट के पास कुछ व्यक्ति खड़े हैं, जो प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राईम एण्ड साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल ने अधिकारियों को जल्द एक्शन लेने के दिशा-निर्देश दिए।

नशीली टेबलेट के साथ दो गिरफ्तार

वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर एण्टी क्राईम एवं साईबर यूनिट और टिकरापारा थाना की टीम ने मौके पर दबिश दी। टीम को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने दुर्ग के कपिल तिवारी (19) और रायपुर के मोहम्मद अनीश (52) को पकड़ लिया। इस दौरान उनके पास से 73 नग स्पासमो और नाईट्रोसन 10 प्रतिबंधित टेबलेट जब्त किया गया, जिसकी कीमत 29 हजार 200 रुपए आंकी गई।

जांच में क्या खुलासा हुआ ?

पुलिस की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी मोहम्मद अनीश को साल 2025 में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ पकड़ा था, जिसके बाद उसके खिलाफ टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 809/25 धारा 22(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। वहीं अब नए मामले में आरोपी कपिल तिवारी (19) और मोहम्मद अनीश (52) के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 389/26 धारा 22(ख) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।