ब्रिस्बेन। हेनिल पटेल (38 पर 3) तथा किशन कुमार और कौशिक चौहान (दो-दो विकेट) के बाद अभिज्ञान कुंडू (नाबाद 87 ) और वेदांत त्रिवेदी (नाबाद 61) के बेहतरीन अर्धशतकीय पारियों से भारत की अंडर -19 टीम ने रविवार को पहले यूथ वनडे में ऑस्ट्रेलिया को 117 गेंद शेष रहते सात विकेट से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 225 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 3 विकेट पर 227 रन बना लिए। भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
सूर्यवंशी और म्हात्रे ने टीम को दी तेज शुरुआत
226 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे की जोड़ी ने तेज शुरुआत करते हुए 50 रन जोड़े। भारत का पहला विकेट वैभव सूर्यवंशी के रूप में गिरा। वैभव ने 22 गेंदों में सात चौके और एक छक्का लगाते हुए 38 रन की पारी खेली। अभिज्ञान ने 87 गेंदों में आठ चौके व 5 छक्के लगाते हुए नाबाद 87 रन बनाए। वहीं वेदांत ने अपनी पारी में आठ चौके लगाए।














